5 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, तमिलनाडु में 24 अक्टूबर तक बरसेंगे बादल.. बिहार में कैसा रहेगा मौसम – एग्रीवेट

Team Agrivate
7 Min Read

एग्रीवेट: दक्षिण भारत के कई राज्यों में पूर्वोत्तर मॉनसून के असर से बारिश हो रही है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भारी बारिश और गरज-चमक की चेतावनी दी है. मौसम विभाग के मुताबिक, इन राज्यों में 24 अक्टूबर तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. वहीं, तमिलनाडु में 22 से 24 अक्टूबर के बीच कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है.

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून का मौसम खत्म होने के बाद पूर्वोत्तर मॉनसून सक्रिय हो गया है. इसके असर से दक्षिण भारत के कई हिस्सों में बारिश हो रही है. पूर्वोत्तर मॉनसून आमतौर पर अक्टूबर से दिसंबर तक सक्रिय रहता है. यह तमिलनाडु और आसपास के क्षेत्रों के लिए काफी अहम है, क्योंकि इस दौरान दक्षिण-पूर्वी भारत में सालाना बारिश का बड़ा हिस्सा दर्ज होता है.

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, तमिलनाडु में इस सप्ताह के दूसरे हिस्से में बारिश का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है. विभाग ने 22 से 24 अक्टूबर के बीच तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई है. तमिलनाडु के कई इलाकों में पिछले कुछ दिनों से बारिश हो रही है. इससे पहले पश्चिमी तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था. वहीं, चेन्नई के लिए 21 अक्टूबर तक येलो अलर्ट था. केरल में भी 24 अक्टूबर तक कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा, केरल और माहे में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. दक्षिण भारत के अन्य हिस्सों में भी मौसम खराब रह सकता है.

दक्षिण भारत में पूर्वोत्तर मॉनसून के सक्रिय होने से कर्नाटक के कई इलाकों में भी बारिश होने की संभावना है. मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 24 अक्टूबर तक कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. वहीं, उत्तर आंतरिक कर्नाटक में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है. कर्नाटक राज्य प्राकृतिक आपदा निगरानी केंद्र ने दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों के लिए 21 से 24 अक्टूबर तक येलो अलर्ट जारी किया है. तटीय कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. उत्तर आंतरिक कर्नाटक के बेलगावी, धारवाड़ और हावेरी जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है. हालांकि, कलबुर्गी, रायचूर और बीदर समेत राज्य के कई उत्तरी जिलों में दक्षिणी हिस्सों की तुलना में मौसम ज्यादातर शुष्क रह सकता है.

आंध्र प्रदेश में पूर्वोत्तर मॉनसून के असर से बारिश और गरज-चमक होने की संभावना है. मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, तटीय आंध्र प्रदेश, यानम और रायलसीमा में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं, 19 से 21 अक्टूबर के बीच कुछ इलाकों में भारी बारिश होने का अनुमान जताया गया है. वहीं, तेलंगाना में दक्षिण भारत के कुछ अन्य राज्यों की तुलना में बारिश की गतिविधियां कम रहने का अनुमान है. मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, राज्य में 19 से 21 अक्टूबर के बीच कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान कहीं-कहीं गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना है.

बिहार, मध्य प्रदेश और राजस्थान के कुछ इलाकों में 21 अक्तूबर को बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, इन राज्यों में कहीं-कहीं आंधी और भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. बिहार के मुंगेर, भोजपुर, समस्तीपुर, सुपौल, कटिहार, बेगूसराय, गोपालगंज, बक्सर, मधुबनी, पूर्णिया, अररिया, भागलपुर, गया और दरभंगा समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है. इस दौरान 45 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. जबकि, मध्य प्रदेश के सागर, शिवपुरी, नर्मदापुरम, कटनी, रायसेन, उज्जैन, इंदौर, देवास, धार, मुरैना और खंडवा में तेज बारिश का अलर्ट है. कुछ इलाकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है. वहीं, राजस्थान के चूरू, बीकानेर, जैसलमेर, सीकर, बूंदी, भरतपुर, सवाई माधोपुर, चित्तौड़गढ़, झुंझुनूं और धौलपुर में तेज बारिश होने का अनुमान है. इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

Share This Article