लासलगांव मंडी में प्याज के थोक भाव 17 फीसदी तक गिरे, जानें खुदरा बाजार में क्या है कीमत – एग्रीवेट

Team Agrivate
5 Min Read

एग्रीवेट: महंगाई की मार झेल रहे प्याज उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है. महाराष्ट्र स्थित एशिया की सबसे मंडी लासलगांव कृषि उपज मंडी समिति (APMC) में प्याज के होलसेल रेट में गिरावट शुरू हो गई है. खास बात यह है कि लासलगांव मंडी में प्याज की थोक कीमतों में पिछले 9 दिनों में करीब 17 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है. कहा जा रहा है कि दक्षिण भारत के राज्यों और मध्य प्रदेश में खरीफ प्याज की नई फसल आने से नासिक के प्याज की मांग कम हो गई है. इसका असर मंडी की कीमतों पर पड़ा है. वहीं, स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में प्याज की कीमतों में और गिरावट आ सकती है. इससे रिटेल मार्केट में प्याज सस्ता हो जाएगा.

द टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट  के मुताबिक, 1 अक्टूबर को लासलगांव मंडी में प्याज का औसत थोक भाव 4,450 रुपये प्रति क्विंटल था, जो शुक्रवार यानी 9 अक्टूबर को यह घटकर 3,700 रुपये प्रति क्विंटल रह गया. इस दौरान कीमत में 750 रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट आई. हालांकि, नासिक शहर के खुदरा बाजारों में प्याज अब भी 60 से 70 रुपये प्रति किलो बिक रहा है. शुक्रवार को लासलगांव मंडी में करीब 6,000 क्विंटल प्याज की नीलामी हुई.

व्यापारियों के मुताबिक, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में खरीफ प्याज की नई फसल  आने से कीमतों में गिरावट आई है. बाजार में नया प्याज ज्यादा मात्रा में उपलब्ध होने के कारण नासिक के प्याज की मांग घट गई है. नासिक का प्याज मार्च और अप्रैल में काटा गया था और अब मंडियों में पहुंच रहा है. निर्यातक भी पुराने प्याज के बजाय नई खरीफ फसल का प्याज खरीदने को प्राथमिकता दे रहे हैं. इससे एशिया की सबसे बड़ी प्याज मंडी लासलगांव में कीमतों पर दबाव बढ़ गया है.

प्याज व्यापारी मनोज जैन ने कहा कि मध्य प्रदेश और दक्षिण भारत के राज्यों से नई फसल आने के कारण उत्तर भारत के बाजारों में नासिक के प्याज की मांग कमजोर हुई है. उन्होंने कहा कि निर्यातक भी पुराने स्टॉक की जगह नया खरीफ प्याज खरीद रहे हैं. मनोज जैन ने कहा कि नई फसल की आवक बढ़ने से पिछले नौ दिनों में प्याज की थोक कीमतों में लगातार गिरावट आई है. उन्होंने बताया कि राजस्थान से खरीफ प्याज की नई फसल इस महीने के अंत तक बाजार में पहुंचने की उम्मीद है. वहीं, महाराष्ट्र के धुले जिले में अगले महीने के पहले सप्ताह से खरीफ प्याज की कटाई शुरू हो सकती है. शुक्रवार को लासलगांव मंडी में प्याज का न्यूनतम थोक भाव 1,000 रुपये प्रति क्विंटल और अधिकतम भाव 4,361 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया.

Share This Article