एग्रीवेट: पश्चिम बंगाल के किसानों को मुख्यमंत्री कृषक सम्मान निधि की पहली और दूसरी किस्त जारी कर दी गई है. पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने हुगली जिले में किसान सम्मान समारोह से कृषक सम्मान निधि के रूप में प्रति किसान के खाते में 2-2 हजार रुपये भेजे हैं. इसके अलावा आलू किसानों को भी सब्सिडी राशि जारी की गई है. सीएम ने किसानों के बैंक खातों में कुल 1860 करोड़ से ज्यादा राशि ट्रांसफर की है.
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने हुगली जिले के परसुरा से मुख्यमंत्री कृषक सम्मान निधि की पहली और दूसरी किस्त जारी कर दी है. उन्होंने 46 लाख किसानों के बैंक खातों में 924 करोड़ रुपये जारी किए हैं. प्रत्येक किसान के खाते में दो किस्तों के 1-1 हजार यानी 2 हजार रुपये एकमुश्त जारी कर दिए गए हैं. यह राशि किसान बंधु योजना और पीएम किसान योजना के लाभार्थियों को दी गई है.
बंगाल के किसानों को आज मिलेंगे कृषक सम्मान निधि के पैसे, आलू किसानों को सब्सिडी भी जारी होगी – एग्रीवेट
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी मंच से संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव से पहले वादा किया था कि पीएम किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को सालाना 9 हजार रुपये दिए जाएंगे. जिसके तहत राज्य सरकार अपने हिस्से से किसानों को सालाना 3 हजार रुपये देगी. उन्होंने कहा कि वादे को पूरा करते हुए मुख्यमंत्री कृषक सम्मान निधि की पहली दो किस्तों के रूप में 2 हजार रुपये की राशि प्रति किसान के खाते में भेज दी है.
सीएम ने कहा कि एग्रीस्टैक परियोजना के तहत राज्य के 24.43 लाख किसानों का रजिस्ट्रेशन पूरा करा लिया गया है. इन किसानों की फार्मर आईडी बना दी गई हैं. जिन्हें अब पीएम किसान सम्मान निधि और मुख्यमंत्री कृषक योजना से भी लिंक कर दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि डिजिटल कृषि सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है. ताकि किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड, फसल बिक्री और फसल बीमा समेत अन्य कृषि योजना के लाभ दिए जा सकें. उन्होंने कहा कि राज्य के 22 जिलों में कृषि गतिविधियां शुरू कर दी गई हैं.
राज्य सरकार ने उन आलू किसानों के लिए मुआवजे के तौर पर 938 करोड़ रुपये भी जारी किए हैं जिन्हें पिछली फसल के दौरान नुकसान उठाना पड़ा था. इस राशि में आलू की 2 रुपये प्रति किलो सब्सिडी को भी शामिल किया गया है.