घर के होम गार्डन में उगाएं ड्रैगन फ्रूट की 3 शानदार किस्में, कटिंग से ऐसे तैयार करें नया पौधा, यहां जानें.. – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: बाजारों में लगातार केमिकल युक्त सब्जियों को बेचा जा रहा है और इसका बुरा प्रभाव लोगों की सेहत पर पड़ रहा है. इसी समस्या को देखते हुए लोग तेजी से होम गार्डनिंग की ओर बढ़ रहे हैं कई सब्जियां अपने घर की छतों पर उगा रहे हैं. अगर आप भी होम गार्डनिंग के दिवाने हैं तो ड्रैगन फ्रूट की इन तीन किस्मों की पैदावार कर पाएं अच्छी उपज अपने गार्डन से वो भी कम मेहनत में. जानें इसके पौधों को तैयार करने के सरल तरीके.

ड्रैगन फ्रूट को लोग अपने घर की छत या फिर किचन गार्डन में तेजी से उगा रहे हैं. ऐसे में अगर आप इस बार ड्रैगन फ्रूट की इन टॉप 3 किस्मों का चुनाव करते है तो भरपूर मात्रा में फल प्राप्त कर सकते हैं-

साइम रेड (Siam Red): इस किस्म का फल बाहर और अंदर दोनों तरफ से गहरे लाल रंग का होता है. इसका स्वाद काफी मीठा होता है और यह घरेलू वातावरण में आसानी से अनुकूल हो जाती है.

वियतनाम व्हाइट (Vietnam White): इसके फल का बाहरी छिलका लाल, जबकि अंदर का गूदा सफेद होता है. यह अच्छी फलत देने वाली किस्म है और शुरुआती किसानों के लिए भी इसे उगाना अपेक्षाकृत आसान माना जाता है.

पलोरा येलो (Palora Yellow): इस किस्म का छिलका पीला और गूदा सफेद होता है. इसे बेहद मीठी किस्मों में गिना जाता है और बाजार में इसकी मांग भी अच्छी रहती है.

अगर आप अपनी घर की छत पर ड्रैगन फ्रूट उगाने चाहते हैं तो इस बात का विशेष रुप से ख्याल रखें की बीज की तुलना में कटिंग यानी कलम से पौधा तैयार करें और कटिंग लेने के बाद कुछ समय के लिए उसे किसी छाया वाले स्थान पर रखें और उसको 5 दिनों के लिए सूखने के लिए छोड़ दें. इसके बाद आप इस कटिंग को किसी बड़े गमले या फिर ग्रो बैग में लगा सकते हैं.

कितना बड़े गमले या ग्रो बैग का करें इस्तेमाल?

अगर आप ड्रैगन फ्रूट लगा रहे हैं तो इस बात का विशेष रुप से ख्याल रखें की इस पौधे को लगाने के लिए हमेशा बड़े गमले का ही चुनाव करें, क्योंकि ड्रैगन फ्रूट का पौधा लगाने के बाद यह बहुत ही तेजी से फैलता है. ऐसे में आप घर पर इसकी खेती के लिए करीब 18×18 इंच या 24×24 इंच का बड़ा ग्रो बैग या गमला का ही इस्तेमाल करें.

ड्रैगन फ्रूट सामान्य पौधों की तरह जमीन पर फैलने के बजाय ऊपर चढ़ता है. इसलिए गमले में पौधा लगाने के साथ ही लोहे या बांस का मजबूत पोल अथवा फ्रेम लगाना जरूरी है और जैसे-जैसे पौधा बढ़ेगा, उसकी शाखाओं को सपोर्ट के सहारे ऊपर की ओर बांधा जा सकता है. मजबूत सपोर्ट पौधे को व्यवस्थित तरीके से बढ़ने में मदद करता है और बाद में फल वाली शाखाओं को संभालने में भी उपयोगी होता है.

जब पौधा सपोर्ट के सहारे ऊपर पहुंच जाए तो उसकी ऊपरी टिप यानी बढ़ती हुई मुख्य नोक की कटाई-छंटाई (Pruning) की जाती है. इससे पौधे में साइड शाखाएं विकसित होने में मदद मिलती है. यही शाखाएं आगे चलकर फूल और फल देने वाली शाखाओं के रूप में विकसित हो सकती हैं. समय-समय पर सूखी, कमजोर या अनावश्यक शाखाओं की छंटाई करने से पौधे को व्यवस्थित आकार देने में भी मदद मिलती है.

ड्रैगन फ्रूट लगाने के बाद हर किसी के मन में यह सवाल आता होगा की पौधों से कब फल मिलेंगे तो आपको बता दें कि कटिंग से तैयार किए गए ड्रैगन फ्रूट के पौधे में उचित परिस्थितियों में लगभग 12 से 18 महीने में फल आना शुरू हो सकता है, हालांकि वास्तविक समय पौधे की गुणवत्ता, मौसम, धूप, पोषण और देखभाल जैसी परिस्थितियों पर निर्भर करता हैं.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *