मखाना की खेती के लिए मध्यप्रदेश सरकार देगी अनुदान, तालाब निर्माण पर मिलेगी 2.80 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर तक सब्सिडी – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: 16 अक्टूबर 2026, भोपाल: मखाना की खेती के लिए मध्यप्रदेश सरकार देगी अनुदान, तालाब निर्माण पर मिलेगी 2.80 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर तक सब्सिडी – मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में मखाना की खेती को बढ़ावा देने और किसानों को नई कृषि गतिविधियों से जोड़ने के लिए उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए लक्ष्य निर्धारित किए हैं। ‘सेंट्रल सेक्टर स्कीम फॉर डेवलपमेंट ऑफ मखाना’ के अंतर्गत पात्र किसानों को मखाना उत्पादन, नर्सरी विकास और नवीन तालाब निर्माण सहित विभिन्न गतिविधियों के लिए अनुदान दिया जाएगा। इसके लिए जिले के इच्छुक किसानों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

उप संचालक उद्यान छिंदवाड़ा श्री एम.एल. उइके ने बताया कि योजना के तहत तालाब और खेत में मखाना उत्पादन के साथ-साथ नवीन तालाब निर्माण तथा पारंपरिक गांज हार्वेस्टिंग सामग्री के लिए भी सहायता का प्रावधान है। किसानों को मखाना उत्पादन में आईएनएम और आईपीएम तकनीकों को अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा।

योजना के अंतर्गत तालाब में मखाना की खेती नर्सरी सहित करने के लिए 3 हेक्टेयर का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें सामान्य वर्ग के लिए 1.750 हेक्टेयर, अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए 1 हेक्टेयर और अनुसूचित जाति वर्ग के लिए 0.250 हेक्टेयर का लक्ष्य शामिल है। इस घटक के तहत पात्र किसानों को 71,600 रुपये प्रति हेक्टेयर अनुदान देने का प्रावधान है।

इसी तरह, खेत में मखाना की खेती नर्सरी सहित करने के लिए भी 3 हेक्टेयर का लक्ष्य रखा गया है। इसमें सामान्य वर्ग के लिए 1.750 हेक्टेयर, अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए 1 हेक्टेयर और अनुसूचित जाति वर्ग के लिए 0.250 हेक्टेयर निर्धारित है। इस घटक के अंतर्गत पात्र किसानों को 52,800 रुपये प्रति हेक्टेयर अनुदान दिया जाएगा।

छिंदवाड़ा जिले में मखाना की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए नवीन तालाब निर्माण के तहत 0.800 हेक्टेयर का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें सामान्य वर्ग के लिए 0.600 हेक्टेयर और अनुसूचित जाति वर्ग के लिए 0.200 हेक्टेयर का लक्ष्य शामिल है। इस घटक के तहत 2,80,000 रुपये प्रति हेक्टेयर अनुदान का प्रावधान किया गया है। इसके अतिरिक्त, योजना के अंतर्गत पारंपरिक गांज हार्वेस्टिंग सामग्री के लिए सामान्य वर्ग में एक इकाई का लक्ष्य रखा गया है। इस सामग्री की लागत 3,200 रुपये निर्धारित है, जिस पर 50 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। यानी पात्र लाभार्थी को 1,600 रुपये की सहायता मिल सकती है।

उप संचालक उद्यान श्री एम.एल. उइके ने छिंदवाड़ा जिले के इच्छुक किसानों से योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन करने की अपील की है। किसान अपने विकासखंड के वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी अथवा ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी से संपर्क कर योजना के विभिन्न घटकों, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। पंजीयन और निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद पात्रता के अनुसार योजना का लाभ दिया जाएगा। किसानों को आवेदन करने से पहले संबंधित अधिकारियों से अनुदान और योजना की शर्तों की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।

Share This Article