खेती से आगे बढ़कर कृषि उद्यमिता की राह पर मध्यप्रदेश के किसान, बढ़ रही आय और रोजगार के अवसर – एग्रीवेट

Team Agrivate
10 Min Read

एग्रीवेट: 20 नवंबर 2026, भोपाल: खेती से आगे बढ़कर कृषि उद्यमिता की राह पर मध्यप्रदेश के किसान, बढ़ रही आय और रोजगार के अवसर – मध्यप्रदेश के किसान अब पारंपरिक खेती तक सीमित नहीं रह गए हैं। खेती के साथ उससे जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में नए प्रयोग और नवाचार कर किसान अपनी आमदनी के नए रास्ते खोल रहे हैं। कोई पशुपालन और दुग्ध उत्पादन से जुड़ रहा है तो कोई मत्स्य पालन, खाद्य प्रसंस्करण, मधुमक्खी पालन, जैविक खेती और उद्यानिकी के माध्यम से कृषि को उद्यम का स्वरूप दे रहा है। प्रदेश में कृषि उद्यमिता की यह नई तस्वीर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ा रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लगातार किसानों से अपील कर रहे हैं कि वे खेती के साथ पशुपालन, मत्स्य पालन, खाद्य प्रसंस्करण और उद्यानिकी जैसे क्षेत्रों में भी आगे आएं। इससे किसानों की आय के एक से अधिक स्रोत विकसित होंगे और खेती पर निर्भरता का जोखिम भी कम होगा। बलराम कृषि महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री को प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कई प्रगतिशील किसानों ने अपने नवाचारों और उपलब्धियों की जानकारी दी। टीकमगढ़ जिले के अनंतपुरा गांव के विष्णु शर्मा सब्जी उत्पादन और पॉलीहाउस निर्माण के साथ गौशाला का संचालन भी कर रहे हैं। वहीं बालचंद अहिरवार प्राकृतिक खेती कर रहे हैं, जिससे लगभग 250 किसान जुड़ चुके हैं। जगदीश अहिरवार करीब 15 एकड़ में फूलों और अन्य उद्यानिकी फसलों का उत्पादन कर रहे हैं। वे स्ट्रॉबेरी, तरबूज, नींबू और अमरूद की खेती कर रहे हैं।

उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन में किए जा रहे इस कार्य से दो दर्जन लोगों को रोजगार भी मिल रहा है। इसके अलावा 15 गायों के माध्यम से दुग्ध उत्पादन भी कर रहे हैं। रमेश यादव वर्ष 2005 से बीज उत्पादन के क्षेत्र में सक्रिय हैं और अब लगभग 3 लाख क्विंटल बीज उत्पादन की क्षमता विकसित कर चुके हैं। वहीं सुनीता बुंदेला मधुमक्खी पालन से जुड़ी हैं। वर्तमान में उनके पांच केंद्र संचालित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने इन किसानों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया। सतना जिले के सोहावल गांव के शांतिनारायण पांडे ने मिल्क प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित कर दुग्ध व्यवसाय को नया स्वरूप दिया है। मुख्यमंत्री के आह्वान से प्रेरित होकर उन्होंने खेती के साथ पशुपालन और दूध प्रसंस्करण का काम शुरू किया। ग्राम झरी मझगवां के अनिल उपाध्याय जैविक खेती के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। देवास जिले के छोटी चुरलाय गांव के धर्मेंद्र सिंह राजपूत प्राकृतिक और आधुनिक खेती का समन्वय कर मॉडल फार्मिंग कर रहे हैं। कनोरिया गांव की पवित्रा नागर ने प्राकृतिक खेती को अपनाया है। वहीं अरनिया कला के नारायण सिंह सेंधव शेडनेट और पॉलीहाउस के माध्यम से उद्यानिकी फसलों का प्रबंधन कर रहे हैं।

कटनी जिले में भी कृषि नवाचारों की तस्वीर सामने आई है। किसान गोविंद पटेल ने बताया कि हैप्पी सीडर और सुपर सीडर जैसे आधुनिक कृषि यंत्रों से नरवाई प्रबंधन प्रभावी हो रहा है। शासन की ओर से नवीन कृषि यंत्रों पर अनुदान भी दिया जा रहा है। आवेदन के बाद 1 लाख 90 हजार रुपये तक के यंत्रों पर 90 हजार रुपये की सब्सिडी का प्रावधान है। जिले में किसानों को चिह्नित क्षेत्रों के अनुसार कृषि यंत्र उपलब्ध कराने की योजना पर भी काम किया जा रहा है।

इसी जिले के अंकित नवानी ने पीएमएफएमई योजना के माध्यम से काजू प्रसंस्करण के लिए 10 लाख रुपये की सब्सिडी प्राप्त की। अब वे ग्रेडिंग, कटिंग और बिक्री के माध्यम से व्यवसाय का विस्तार कर रहे हैं। किसान रामरूप पटेल आठ एकड़ भूमि में मिर्च, बैंगन, धान, गेहूं और बागवानी फसलों का उत्पादन कर खेती में विविधता का उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं।

बालाघाट जिले के पांडेवाड़ा गांव के वेदराम राहंगडाले मत्स्य पालन के माध्यम से 30 लोगों को रोजगार दे रहे हैं। लांजी तहसील के अमेड़ा गांव के मुकेश नेवारे धान की खेती के साथ सब्जी उत्पादन, मत्स्य पालन और उद्यानिकी से जुड़े हैं। उन्होंने अब मशरूम उत्पादन भी शुरू किया है। कोहकाडीबर गांव की मंजू नगपुरे आत्मा परियोजना और आजीविका मिशन से जुड़कर ड्रोन दीदी के रूप में काम कर रही हैं। वहीं बगड़मारा गांव के जियालाल राहंगडाले प्राकृतिक खेती और आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपना रहे हैं। गुदमा गांव के गुलाब चौधरी 30 एकड़ में गेहूं की खेती कर 425 क्विंटल उत्पादन प्राप्त कर रहे हैं।

रतलाम जिले के दिलीप पाटीदार ने पीएमएफएमई योजना का लाभ लेकर घी निर्माण का व्यवसाय शुरू किया है। वे पारंपरिक बिलोना पद्धति से घी तैयार कर अमेरिका और श्रीलंका तक अपने उत्पाद भेज रहे हैं। कन्हैयालाल पाटीदार कम शुगर वाली वीएनआर पिंक और रेड डायमंड किस्म के अमरूद का उत्पादन कर रहे हैं, जिनकी आपूर्ति दिल्ली, मुंबई और असम तक हो रही है। रेखा व्यास जैविक उर्वरक के लिए अनुसंधान केंद्र संचालित कर रही हैं और इस क्षेत्र में निरंतर शोध की आवश्यकता पर जोर दे रही हैं।

छतरपुर जिले के सलीम खान जैविक एवं प्राकृतिक खेती के साथ औषधीय फसलों का उत्पादन कर रहे हैं। समैया गांव की हब्बी बाई कोदो, कुटकी, रागी, बाजरा और ज्वार जैसी मोटे अनाज की फसलों का उत्पादन कर उनका प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन भी कर रही हैं। हटाना गांव के अनिल यादव ने कस्टम हायरिंग केंद्र स्थापित किया है, जहां एक ट्रैक्टर सहित छह प्रमुख कृषि यंत्र किसानों को किराये पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे उन्हें सालाना करीब साढ़े पांच लाख रुपये का मुनाफा हो रहा है।

महिला कृषि उद्यमिता की मिसाल विदिशा की ड्रोन दीदी प्रभा वर्मा भी हैं। वे अब तक खेतों में 1100 से अधिक बार ड्रोन से छिड़काव कर चुकी हैं। इसके लिए वे प्रति स्प्रे 300 रुपये सेवा शुल्क लेती हैं और अब तक तीन लाख रुपये से अधिक की आय अर्जित कर लखपति दीदी बन चुकी हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बलराम कृषि महोत्सव में इन प्रगतिशील किसानों के अनुभव सुने और उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि किसानों में हौसलों की कमी नहीं होनी चाहिए। सरकार हर कदम पर उनके सहयोग के लिए तैयार है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से सामने आई ये कहानियां बताती हैं कि खेती अब केवल फसल उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रसंस्करण, विपणन, तकनीक और रोजगार से जुड़कर कृषि उद्यमिता का व्यापक स्वरूप ले रही है। किसान अपनी मेहनत और नवाचार से न केवल अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर रहे हैं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में दूसरों के लिए भी रोजगार के नए अवसर तैयार कर रहे हैं।

Share This Article