एग्रीवेट: ओडिशा के गंजाम जिले में रविवार को 51 वर्षीय एक किसान ने कथित तौर पर कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली. परिजनों का दावा है कि चक्रवात ‘अर्नब’ के कारण हुई भारी बारिश से फसल बर्बाद होने के चलते उसने यह कदम उठाया. कृषि और राजस्व विभाग के अधिकारियों ने किसान की मौत के कारणों की जांच के लिए उसके घर का दौरा किया. बीजू जनता दल के नेता और पूर्व सांसद चंद्रशेखर साहू ने राज्य सरकार से आपदा प्रभावित किसानों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है. उन्होंने मृतक किसान के परिवार को 10 लाख रुपये का मुआवजा देने की भी मांग की.
ओडिशा के गंजाम जिले में अर्नब चक्रवात के चलते भारी बारिश और बाढ़ से फसल बर्बाद होने के बाद एक किसान की मौत का मामला सामने आया है. मृतक किसान की पहचान 51 वर्षीय अर्जुन पांडा के रूप में हुई है, जो गंजाम जिले के शेरगढ़ ब्लॉक के पनसापदर गांव के रहने वाले थे. परिजनों का आरोप है कि चक्रवात अर्नब के प्रभाव से हुई भारी बारिश और बाढ़ ने उनकी तैयार धान की फसल को पूरी तरह बर्बाद कर दिया था. इसी नुकसान से परेशान होकर किसान ने कथित तौर पर कीटनाशक का सेवन कर लिया.
गन्ना किसानों को दिवाली से पहले मिलेगी 709 रुपये टन प्रोत्साहन राशि, सरकार ने मंजूर किए 603 करोड़ – एग्रीवेट
परिजनों के बयान के अनुसार अर्जुन पांडा की धान की फसल कटाई के करीब पहुंच चुकी थी, लेकिन बाढ़ का पानी खेतों में भर जाने से पूरी फसल डूब गई. इसके अलावा उन्होंने दूसरी फसलों की खेती भी की थी, जिन्हें भी भारी नुकसान पहुंचा. परिवार का कहना है कि खेतों में खड़ी फसल बर्बाद होने के साथ घर में पानी घुसने से घरेलू सामान को भी नुकसान हुआ. किसान के बेटे सुनील कुमार पांडा ने मीडिया को दिए बयान ने कहा कि उनके पिता शनिवार रात गौशाला में बेहोशी की हालत में मिले थे. उन्हें पहले हिंजिली अस्पताल ले जाया गया और फिर गंभीर हालत में बरहामपुर के एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
कृषि और राजस्व विभाग के अधिकारियों ने घटना की जानकारी मिलने के बाद किसान के घर और प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया. गंजाम के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट सच्चिदानंद नायक ने बयान में कहा कि मामले की संयुक्त जांच कराई जाएगी. फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है और जांच पूरी होने के बाद ही किसान की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. जिला कृषि अधिकारी मनोरंजन राउल ने भी प्रभावित क्षेत्र में धान और सब्जियों की फसल को चक्रवात के चलते बारिश से नुकसान पहुंचने की पुष्टि की है.
इस घटना के बाद किसानों को फसल नुकसान का मुआवजा देने की मांग भी उठने लगी है. बीजू जनता दल के नेता और पूर्व सांसद चंद्रशेखर साहू ने राज्य सरकार से आपदा प्रभावित किसानों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है. उन्होंने मृतक किसान के परिवार को 10 लाख रुपये का मुआवजा देने की भी मांग की. बीजद नेता ने कहा कि राज्य में किसानों को भारी नुकसान पहुंचा है. किसानों की भरपाई के लिए सरकार राहत पैकेज जारी करे.