एग्रीवेट: हरियाणा में फसल पोर्टल और सैटेलाइट से फसल की पहचान को लेकर किसानों में भारी नाराजगी है। किसानों का आरोप है कि खेतों में बाजरा, धान और नरमा जैसी फसलें होने के बावजूद पोर्टल पर गलत रिकॉर्ड दर्ज किया जा रहा है। कहीं बाजरे की जगह बाग दिखाया जा रहा है, तो कहीं धान की जगह नरमा और बासमती दर्ज होने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि जब वे सरकारी मंडी में फसल बेचने और टोकन कटवाने पहुंचते हैं, तब उन्हें रिकॉर्ड में गड़बड़ी का पता चलता है। इसके बाद उन्हें पटवारी, एसडीएम, डीसी कार्यालय और दूसरे विभागों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। किसानों ने पोर्टल की गलतियों, सैटेलाइट सर्वे, फसल की कैपिंग और भावांतर योजना का लाभ लेने में आ रही दिक्कतों पर सवाल उठाए हैं।