एग्रीवेट: किसान मजदूर मोर्चा (KMM) ने बताया है कि किसानों के हितों और अधिकारों को लेकर पंजाब के कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां के साथ पंजाब भवन में वार्ता की है. इस दौरान किसान मजदूर मोर्चा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने किसानों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने, मृतक किसानों के परिजनों को सहायता राशि और नौकरी देने की मांग की गई है. इसके साथ ही पराली जलाने पर किसानों के नाम रेड एंट्री में दर्ज नहीं करने पर भी कृषि मंत्री से चर्चा की गई. इसके अलावा एमएसपी गारंटी, बकाया भुगतान समेत कई अन्य मांगों को लेकर कृषि मंत्री ने विचार करने और पूरा कराने का आश्वासन दिया है.
किसान मजदूर मोर्चा (पंजाब चैप्टर) के नेता सरवन सिंह पंढेर के नेतृत्व में किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने पंजाब के कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां से कई मांगों को पूरा करने की मांग की. चंडीगढ़ के पंजाब भवन में बैठक के दौरान संगठन ने 23 सूत्रीय मांगपत्र भी सौंपा गया. बैठक में केएमएम से जुड़े अन्य किसान संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे. कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों की बातें सुनी गई हैं और उन्हें पूरा कराने पर विचार किया जाएगा.
किसान संगठन ने कृषि मंत्री को दिए 23 सूत्री मांगपत्र में कहा है कि मृतक किसानों और खेत मजदूरों के परिवारों के लिए लंबित वित्तीय सहायता और सरकारी नौकरियों की स्थिति साफ की जाए. इसके अलावा किसानों पर दर्ज पुलिस केस, पराली जलाने के जुर्माने और रेड एंट्री वापस लेने पर सरकार अपना रुख स्पष्ट करे. संगठन ने कहा कि एमएसपी (MSP) की कानूनी गारंटी, किसानों की कर्ज माफी का ऐलान पंजाब सरकार करे.
पंजाब के किसान नेताओं ने कहा कि पंजाब सरकार लगातार किसानों की अनदेखी कर रही है. इसके चलते बीते 17 सितंबर को किसान मजदूर मोर्चा चैप्टर पंजाब ने सरकार के खिलाफ पांच जगहों पर रेल यातायात रोको आंदोलन किया था. इस दौरान अमृतसर के देवीदासपुरा, संगरूर-सुनाम, गुरदासपुर, मोगा और फिरोजपुर में रेलगाड़ियां रोकी गईं.