Weather Update: दक्षिण में सक्रिय होगा पूर्वोत्तर मॉनसून! IMD ने इन राज्‍यों में जारी किया अलर्ट – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: देश के कई राज्यों में आज मौसम का मिजाज बदला-सा रहने है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज दक्षिण भारत में भारी से बहुत भारी बारिश, उत्तर भारत के कुछ राज्यों में ओलावृष्टि और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग के अनुसार, केरल, माहे, तमिलनाडु और पुडुचेरी में बहुत भारी बारिश की आशंका है, जबकि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में कुछ जगहों पर ओले गिर सकते हैं. इस बीच, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की विदाई आगे बढ़ने और दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत में पूर्वोत्तर मॉनसून की बारिश शुरू होने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो रही हैं.

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी रेखा धुबरी, कोलकाता, अंगुल, खम्मम और होन्नावर से होकर गुजर रही है. देश के बाकी हिस्सों से मॉनसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं. इसी के साथ 15 अक्टूबर से दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत में पूर्वोत्तर मॉनसून की बारिश शुरू होने की संभावना है. इसका असर मुख्य रूप से तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और दक्षिणी प्रायद्वीपीय क्षेत्र के अन्य हिस्सों में दिखाई दे सकता है. आईएमडी के अनुसार, दक्षिण भारत में अगले कई दिनों तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है.

उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने 15 अक्टूबर को हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि की चेतावनी दी है. उत्तराखंड में बिजली गिरने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है.

वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी गरज-चमक और तेज हवाओं का असर दिख सकता है. आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली में कई हिस्‍सों में बारिश हो सकती है. हालांकि, उत्तर भारत में बारिश की गतिविधियां अगले कुछ दिनों में धीरे-धीरे कमजोर पड़ने का अनुमान है.

उधर, मध्य भारत में 15 अक्टूबर को पश्चिमी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कुछ जगहों पर बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं. पश्चिमी मध्य प्रदेश में हवा की गति 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है. विदर्भ में भी अगले कुछ दिनों के दौरान बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं.

वहीं, महाराष्ट्र के मध्य भाग और मराठवाड़ा में 15 अक्टूबर से बारिश और बिजली चमकने की संभावना है. मौसम विभाग ने किसानों को तेज हवा और बारिश के दौरान कटी हुई फसल और कृषि उपज को सुरक्षित रखने की सलाह दी है.

मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वी भारत में ओडिशा में 15 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बारिश, बिजली चमकने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. झारखंड में भी अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है.

इसके अलावा, पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी क्षेत्रों और अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है. पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है.

आईएमडी के सात दिवसीय पूर्वानुमान के मुताबिक, दक्षिण भारत में 16 से 20 अक्टूबर के बीच बारिश की गतिविधियां और व्यापक हो सकती हैं. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कई स्थानों पर बारिश का अनुमान है.

केरल, तटीय कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी कई जगह बारिश हो सकती है. तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और रायलसीमा में भी इस दौरान बारिश की संभावना बनी रहेगी. कुछ स्थानों पर भारी बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है.

Share This Article