Poultry: पोल्ट्री फार्मर ने पीएम मोदी को लिखी चिठ्ठी, जानें क्या लगाई गुहार—देखें क्या है पूरा सच – एग्रीवेट

Team Agrivate
4 Min Read

एग्रीवेट: देश के बड़े कारोबार में शामिल पोल्ट्री सेक्टर इस वक्त अपने बुरे दौर से गुजर रहा है. अंडे और चिकन के कारोबार से जुड़े इस सेक्टर के छोटे-छोटे पोल्ट्री फार्मर ने तो अपने पोल्ट्री फार्म पर ताला लटका दिया है. कुछ इस बुरे वक्त को काटने के लिए लागत पर ही काम कर रहे हैं. पोल्ट्री फार्मर छोटा हो या बड़ा सभी एक जैसी इस खास परेशानी से जूझ रहे हैं. हालांकि इसका असर अंडे और चिकन के खरीदारों पर भी पड़ने लगा है. अंडे के दाम 8 से 10 रुपये प्रति अंडे पर पहुंच गए हैं तो चिकन 250 से 350 रुपये किलो तक बिक रहा है. और इस सब के पीछे बड़ी वजह है मुर्गियों को खि‍लाया जाने वाला दाना (फीड). 22-23 रुपये किलो बिकने वाला फीड आज 30 रुपये किलो को भी पार कर चुका है.

और फीड के दाम बढ़ने के पीछे हैं इसमे मिलाया जाने वाला मक्का और सोयाबीन. इन्हीं परेशानियों के चलते पोल्ट्री फार्मर की संस्था पोल्ट्री फेडरेशन ऑफ इंडिया (PFI) ने पीएम नरेन्द्र मोदी के नाम एक चिठ्ठी लिखी है. चिठ्ठी में पोल्ट्री सेक्टर को बचाने की अपील के साथ ही फीड के लिए खास पॉलिसी बनाने की डिमांड भी की गई है. 30 अक्टूबर को अपनी डिमांड के साथ पीएफआई के पदाधिकारी डेयरी और पशुपालन मंत्रालय के अफसरों से भी मिले. उनके सामने भी पोल्ट्री सेक्टर के मौजूदा हालात बयां किए.

Share This Article