टमाटर का उत्पादन आधा रहने की आशंका – एग्रीवेट

Team Agrivate
7 Min Read

एग्रीवेट: 23 नवंबर 2026, इंदौर: टमाटर का उत्पादन आधा रहने की आशंका – लाल सुर्ख टमाटर देखकर उसे खाने या सब्जी बनाने का विचार क्षण भर में आ जाता है , लेकिन इन टमाटरों का  उत्पादन करने वाले  किसानों की समस्याएं प्रायः सामने नहीं आ पाती है । पिछले जून – जुलाई के सत्र में तो  खरगोन -बड़वानी जिले में टमाटर उत्पादकों को भारी  नुकसान उठाना पड़ा था । इस नए सत्र में भी टमाटर में वायरस के कारण उत्पादन आधे से भी कम रहने की आशंका है । हालात यह हैं कि टमाटर उत्पादकों से ज़्यादा तो  व्यापारी  मुनाफा कमा रहे हैं । गत  दिनों कृषक जगत से हुई औपचारिक बातचीत में चुनिंदा  टमाटर उत्पादक किसानों ने अपनी  परेशानी  बयां की ।

रोमचिचली ( खरगोन ) के बड़े टमाटर उत्पादक  श्री दिलावर खान ने बताया कि स्वयं की ज़मीन के अलावा आसपास किराए से ज़मीन लेकर टमाटर की करीब 40 एकड़ में खेती करते हैं । टमाटर की खेती में अब जोखिम बहुत बढ़ गई है । पिछले जून -जुलाई के सत्र में 17 एकड़ में टमाटर की खेती की थी , लेकिन  उमस और वायरस के कारण 4 एकड़ में तो पौधे उखाड़ना पड़े थे । शेष 13 एकड़  ज़मीन से भी एक एकड़ में औसत 100 – 150 कैरेट टमाटर का उत्पादन हुआ था । रबी सत्र के लिए अगस्त में 22 एकड़ में टमाटर लगाया था , जिसमें से  इस बार भी 7 -8 एकड़ के टमाटर के पौधे उखाड़ना पड़े । शेष रकबे में भी वायरस के प्रकोप के कारण पौधों पर  फल आधे से भी कम लगे हैं । उत्पादन 50 %  तक होने की सम्भावना है । लागत खर्च बढ़ रहा है और उत्पादन कम होता जा रहा है । वहीं नागलवाड़ी ( बड़वानी ) के श्री अखिलेश कुशवाह ने बताया कि गत अगस्त में पहली बार करीब 5 एकड़ में टमाटर की फसल लगाई थी । फसल में वायरस आने से डेढ़ माह बाद फसल को उखाड़कर फेंकना पड़ा ।  करीब दो लाख का नुकसान हुआ ।

कसरावद ( खरगोन ) के युवा कृषक श्री ईशान सराफ ने कहा कि  खरगोन और बड़वानी जिले में  नागलवाड़ी , कसरावद , बरुड़, रोमचिचली  आदि गांवों में सैकड़ों एकड़ रकबे में टमाटर की फसल  ली जाती है । मैं  8 एकड़ में टमाटर की  खेती  करता हूं । जून -जुलाई के बीते सत्र  में उमस बढ़ने और वायरस  लगने से टमाटर का उत्पादन बहुत कम हुआ, जिससे  किसानों को बहुत नुकसान हुआ था ।  श्री सराफ ने कहा कि दिल्ली वाले व्यापारी कसरावद और आसपास के क्षेत्र  के किसानों  के खेत से शुरुआत में 300 – 350  रु / कैरेट में टमाटर खरीदकर आज़ादपुर मंडी भेजते हैं , जहां वह 700 रु / कैरेट के भाव से  बिकता  है । औसतन परिवहन खर्च 135  रु / कैरेट ही पड़ता है ।बाद में तो  दाम 200 रुपए / कैरेट तक आ जाते हैं और कोई खरीदार भी नहीं मिलता है ।  मतलब  टमाटर उत्पादकों से ज़्यादा मुनाफा तो व्यापारी  कमा रहे हैं । श्री सराफ ने शिकायती लहजे में कहा  कि कसरावद क्षेत्र के  टमाटर उत्पादकों को उद्यानिकी विभाग की ओर से कोई सहयोग नहीं मिलता है ।   किसी ने भी  टमाटर फसल का निरीक्षण नहीं किया और न ही कोई परामर्श या मार्गदर्शन दिया । फसल में कीट / रोग लगने पर सही समय पर उचित सलाह नहीं मिलने से  भी  किसानों का बहुत नुकसान हो जाता है ।

Share This Article