दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट, 60 KM की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं—देखें क्या है पूरा सच – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: आने वाले दिनों में कई राज्यों में बारिश हो सकती है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बुधवार को देश के कई हिस्सों में खराब मौसम का अनुमान जताया है. दिल्ली-NCR, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और कुछ जगहों पर ओले पड़ने की आशंका है. इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है, जबकि कुछ इलाकों में हवा के झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं. IMD के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. वहीं, दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी आने वाले दिनों में तेज बारिश होने की संभावना है. अलग-अलग जिलों में बारिश का समय और उसकी तीव्रता अलग-अलग रह सकती है.

दिल्ली-NCR, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में बुधवार को गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं  चलने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, 14 और 15 अक्टूबर को इन इलाकों में कुछ जगहों पर ओले भी पड़ सकते हैं. वहीं, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में कई जगहों पर बारिश होने का अनुमान है. बुधवार को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. उत्तर प्रदेश के पश्चिमी जिलों में 13 से 15 अक्टूबर के बीच कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं, राज्य के पूर्वी हिस्सों में 15 और 16 अक्टूबर को बारिश होने का अनुमान है. राजस्थान में भी अगले कुछ दिनों तक कई जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है. इस दौरान कुछ इलाकों में तेज हवाएं चलने की भी संभावना है.

दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में इस सप्ताह बारिश तेज हो सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 14 से 17 अक्टूबर के बीच कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं, रायलसीमा में 14 से 16 अक्टूबर तक भारी बारिश हो सकती है. केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, 15 से 18 अक्टूबर के बीच कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. वहीं, कर्नाटक में सप्ताह के आखिरी दिनों में बारिश बढ़ने का अनुमान है. तटीय और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. तेलंगाना में 15 से 18 अक्टूबर के बीच कई जगहों पर हल्की बारिश होने की संभावना है. इस दौरान कुछ इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं.

छत्तीसगढ़ और ओडिशा में अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रह सकती है. वहीं, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और बिहार के कुछ इलाकों में भी इस सप्ताह बारिश होने का अनुमान है. पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 13 से 18 अक्टूबर के बीच अलग-अलग दिनों में बारिश हो सकती है. इस दौरान कुछ इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है. वहीं, बुधवार को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में कई जगहों पर बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने अलर्ट वाले इलाकों में रहने वाले लोगों को स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है. गरज-चमक के दौरान सावधानी बरतने और बिजली गिरने या तेज हवाएं चलने पर खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की गई है.

Share This Article