दूध, दही और पनीर के पैकेट पर दिखेगा नया लोगो: FSSAI ने किया अनिवार्य, 1 जुलाई 2028 से लागू होगा नियम – एग्रीवेट

Team Agrivate
5 Min Read

एग्रीवेट: अगली बार जब आप दूध का पैकेट, दही का टब या पनीर का पैक उठाएं, तो उस पर आपको एक नया चिह्न दिख सकता है. भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने दूध और दुग्ध उत्पादों के लिए एक मानकीकृत पहचान लोगो जारी किया है. निर्माताओं के लिए 1 जुलाई 2028 से इसे अपनी पैकेजिंग पर दिखाना अनिवार्य होगा.

नए लोगो में नीले चौकोर के अंदर सफेद रंग की दूध की बूंद का चिह्न बना है. इस कदम का मकसद उपभोक्ताओं को दूध और डेयरी उत्पाद आसानी से पहचानने में मदद करना और अलग-अलग ब्रांडों के बीच खाद्य लेबलिंग में एकरूपता लाना है.

FSSAI ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए इसकी एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि . यह बदलाव खाद्य सुरक्षा और मानक (लेबलिंग और प्रदर्शन) दूसरा संशोधन विनियम, 2026 के तहत अधिसूचित किया गया है.

यह नियम सभी दूध और दुग्ध उत्पादों पर लागू होगा. इनमें खाद्य सुरक्षा और मानक (खाद्य उत्पाद मानक और खाद्य योजक) विनियम, 2011 में परिभाषित मिश्रित दुग्ध उत्पाद भी शामिल हैं.

यानी पैकेट वाला दूध, दही और पनीर जैसे आम तौर पर इस्तेमाल होने वाले डेयरी उत्पादों के साथ इस श्रेणी में आने वाले दूसरे उत्पादों पर भी यह पहचान चिह्न लगाना होगा.

लोगो को पैकेजिंग के मुख्य प्रदर्शन पैनल (प्रिंसिपल डिस्प्ले पैनल) पर साफ तौर पर दिखाना होगा, ताकि खरीदारी के दौरान उपभोक्ता इसे आसानी से देख सकें.

यह लोगो FSSAI द्वारा दूध और दुग्ध उत्पादों के लिए तय किया गया एक नियामकीय पहचान चिह्न है. यह किसी उत्पाद की पोषण क्वालिटी, ताजगी या सुरक्षा को अलग से प्रमाणित नहीं करता.

यह संशोधन 6 नवंबर 2026 को अधिसूचित किया गया और 9 नवंबर को भारत के राजपत्र (गजट) में प्रकाशित हुआ. यह 1 जुलाई 2028 से लागू होगा, जिससे डेयरी निर्माताओं को अपनी पैकेजिंग बदलने और नए लेबलिंग नियमों का पालन करने के लिए समय मिलेगा.

Share This Article