एग्रीवेट: Sugarcane कीमत Hike: हरियाणा में गन्ने के दाम बढ़ाने की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन तेज होता जा रहा है. किसान अब गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग पर अड़ गए हैं. इसी मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने बड़ा ऐलान किया है. संगठन के किसान शनिवार से यमुनानगर जिले के रादौर कस्बे में हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा के घर के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे. किसानों का कहना है कि, जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी, तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा.
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के यमुनानगर जिला अध्यक्ष सुभाष गुर्जर के अनुसार, शनिवार को किसान पहले रादौर में इकट्ठा होंगे. इसके बाद सभी किसान जुलूस निकालते हुए मंत्री के घर की तरफ जाएंगे. वहां टेंट लगाकर दिन-रात धरना दिया जाएगा. किसान नेताओं का कहना है कि सरकार ने गन्ने के दाम में केवल 15 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी करके किसानों के साथ मजाक किया है. खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, लेकिन फसल का भाव उस हिसाब से नहीं मिल रहा. इसलिए किसान अब 600 रुपये प्रति क्विंटल से कम भाव पर मानने को तैयार नहीं हैं.
दिल्ली में प्रदूषण से राहत नहीं, हवा की क्वालिटी खराब.. 12.2 डिग्री पहुंचा तापमान—पढ़ें इनसाइड स्टोरी – एग्रीवेट
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के प्रदेश अध्यक्ष रतन मान ने बताया कि, संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) की ओर से हरियाणा के सभी जिलों में चीनी मिलों के बाहर प्रदर्शन किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में जींद में भी किसानों की बड़ी सभा आयोजित की जाएगी. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने किसानों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो 2 दिसंबर को कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री के आवास का घेराव किया जाएगा. इस प्रदर्शन में संयुक्त किसान मोर्चा के साथ दूसरे किसान संगठन भी शामिल होंगे.
गन्ने के दाम बढ़ाने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (चरुनी) गुट के किसान भी आंदोलन कर रहे हैं. इस गुट के किसान 15 नवंबर से यमुनानगर की सरस्वती शुगर मिल के बाहर धरने पर बैठे हैं. संगठन के नेता गुरनाम सिंह चरुनी ने अंबाला के नारायणगढ़ में चल रहे प्रदर्शन में हिस्सा लेते हुए कहा कि किसान जरूरत पड़ने पर चीनी मिलों का काम रोकेंगे और गन्ने की कटाई भी बंद कर सकते हैं.
उन्होंने बताया कि सरकार की एक बैठक में सामने आया था कि किसानों को एक क्विंटल गन्ना तैयार करने में करीब 455 रुपये खर्च करने पड़ते हैं, जबकि उन्हें 430 रुपये मिल रहे हैं. ऐसे में किसानों को खेती की लागत निकालना भी मुश्किल हो रहा है. किसानों की मांग है कि गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए.
इस आंदोलन के बीच किसान संगठनों के एक साथ आने की भी संभावना बन रही है. रतन मान ने चरुनी गुट से आंदोलन में शामिल होने की अपील की थी. इसके बाद गुरनाम सिंह चरुनी ने भी बातचीत के लिए सहमति जताई है. उन्होंने कहा कि दोनों संगठनों के पांच-पांच सदस्य बैठकर बातचीत कर सकते हैं. ऐसे में आने वाले दिनों में गन्ने के दाम को लेकर हरियाणा में किसानों का आंदोलन और तेज हो सकता है.