एग्रीवेट: Black Pepper कीमत: त्योहारों का सीजन शुरू होते ही काली मिर्च की कीमतों में तेजी देखने को मिल रही है. दीपावली से पहले घरेलू मांग बढ़ने और कारोबारियों की खरीदारी तेज होने से पिछले तीन सप्ताह में काली मिर्च का भाव औसतन 16 रुपये प्रति किलो बढ़ गया है. इस सप्ताह ही कीमतों में 8 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी दर्ज की गई. केरल के कोच्चि बाजार में साफ की गई काली मिर्च का भाव 740 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है. हालांकि, आने वाले दिनों में इंडोनेशिया और ब्राजील से नई फसल की आपूर्ति बढ़ने की उम्मीद है, जिससे कीमतों पर असर पड़ सकता है. बिजनेस लाइन की रिपोर्ट के मुताबिक, घरेलू मांग, कारोबारियों की खरीदारी और अंतरराष्ट्रीय बाजार की कीमतें काली मिर्च के भाव को प्रभावित कर रही हैं.
बिजनेस लाइन की रिपोर्ट के मुताबिक, त्योहारों के दौरान घरेलू बाजार में मांग बढ़ने से काली मिर्च की कीमतों में लगातार तेजी आई है. पिछले तीन सप्ताह के दौरान इसके भाव में औसतन 16 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है. इस सप्ताह कीमत 8 रुपये प्रति किलो बढ़ी, जबकि इससे पहले वाले सप्ताह में 3 रुपये और उससे पहले 5 रुपये प्रति किलो की तेजी दर्ज की गई थी. व्यापारियों के मुताबिक, कई राज्यों के कारोबारी उद्योगों के साथ पहले से हुए अनुबंधों को पूरा करने के लिए कच्चा माल खरीद रहे हैं. इसके अलावा, दीपावली से पहले बढ़ने वाली मांग को देखते हुए भी खरीदारी तेज हुई है. इससे बाजार में काली मिर्च की कीमतों को सहारा मिला है.
केरल के कोच्चि बाजार में बुधवार को काली मिर्च की कीमतें ऊंचे स्तर पर बनी रहीं. यहां बिना साफ की गई 550 जीएल फार्म-ग्रेड काली मिर्च का भाव 720 रुपये प्रति किलो दर्ज किया गया. वहीं, साफ की गई काली मिर्च की कीमत 740 रुपये प्रति किलो रही. इस दौरान बाजार में बिक्री के लिए करीब 36 टन काली मिर्च उपलब्ध थी. इंडियन पेपर एंड स्पाइसेज ट्रेड एसोसिएशन के किशोर शामजी के मुताबिक, लगातार बढ़ती कीमतों के कारण कुछ विक्रेता बेहतर भाव मिलने की उम्मीद में अपना स्टॉक रोककर रख रहे हैं. इससे घरेलू बाजार में काली मिर्च की उपलब्धता प्रभावित हो रही है. हालांकि, श्रीलंका से आयात बढ़ने के कारण घरेलू खरीदारों को कुछ राहत मिल रही है.
काली मिर्च के अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमतों का अंतर भारतीय बाजार को प्रभावित कर रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक, ब्राजील की काली मिर्च करीब 6,000 डॉलर प्रति टन से कम कीमत पर उपलब्ध है. वहीं, वियतनाम की काली मिर्च का भाव करीब 6,000 डॉलर, इंडोनेशिया की 6,500 डॉलर और श्रीलंका की काली मिर्च की कीमत करीब 6,800 डॉलर प्रति टन है. इसके मुकाबले भारतीय काली मिर्च की कीमत करीब 7,825 डॉलर प्रति टन के बराबर है. व्यापारियों के मुताबिक, इंडोनेशिया में नई फसल की कटाई शुरू हो रही है. इसके बाद अक्टूबर के आखिर तक ब्राजील की नई फसल भी बाजार में आने की उम्मीद है. इससे आयातित काली मिर्च की आपूर्ति बढ़ सकती है.