रिफॉर्म उत्सव 2026: विदिशा में इफको ने आयोजित की किसान सभा, जुटे कई विशेषज्ञ – एग्रीवेट

Team Agrivate
5 Min Read

एग्रीवेट: 08 अक्टूबर 2026, भोपाल: रिफॉर्म उत्सव 2026: विदिशा में इफको ने आयोजित की किसान सभा, जुटे कई विशेषज्ञ – रिफॉर्म उत्सव/सुधार उत्सव 2026 के अंतर्गत सहकारी संस्था इफको की ओर से जिला विदिशा के PNB कृषक प्रशिक्षण केंद्र में किसान सभा का आयोजन किया गया। इसमें क्षेत्र के 80 से अधिक किसानों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में ICAR के विशेषज्ञ वैज्ञानिकों, कृषि विज्ञान केंद्र विदिशा के वैज्ञानिक, कृषि एवं हॉर्टिकल्चर विभाग के अधिकारियों सहित अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

कार्यक्रम में ICAR के विशेषज्ञ वैज्ञानिक डॉ. वी. श्रीधर, डॉ. संदीप कुमार, डॉ. एस. मौर्य एवं डॉ. जयदीप हलदर, KVK विदिशा के वैज्ञानिक डॉ. अक्षय उज्ज्वल, परियोजना प्रबंधक IFFDC भोपाल सी. पी. यादव, SADO विदिशा विशाल यादव, BTM अशोक रघुवंशी सहित कृषि एवं हॉर्टिकल्चर विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत इफको विदिशा के क्षेत्रीय प्रबंधक कुमार मनेन्द्र ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से की। उन्होंने किसानों को रासायनिक उर्वरकों के संतुलित एवं वैज्ञानिक उपयोग के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उर्वरकों का प्रयोग इस तरह किया जाना चाहिए, जिससे पौधों की आवश्यक पोषक तत्वों की पूर्ति सुनिश्चित हो और मृदा, जल एवं पर्यावरण पर अनावश्यक प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। इस दौरान नैनो यूरिया, नैनो DAP, नैनो जिंक, नैनो कॉपर, बायोफर्टिलाइजर और बायोडीकंपोजर के लाभ, उपयोगिता, उचित मात्रा एवं उपयोग विधि की भी विस्तार से जानकारी दी गई।

IIHR, बेंगलुरु और IVRI, वाराणसी के वैज्ञानिकों ने एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन (INM) और एकीकृत कीट प्रबंधन (IPM) के बारे में जानकारी दी। उन्होंने उपलब्ध स्थानीय संसाधनों और कृषि आदानों के उचित एवं समन्वित उपयोग पर जोर दिया। वैज्ञानिकों ने कम लागत में संतुलित पोषण, प्रभावी कीट प्रबंधन और बेहतर फसल उत्पादन प्राप्त करने के लिए इनके उचित उपयोग की जानकारी दी।

IFFDC के परियोजना प्रबंधक श्री सी. पी. यादव ने किसानों को उन्नत एवं गुणवत्तापूर्ण बीज के चयन के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि उपयुक्त किस्म और गुणवत्तापूर्ण बीज फसल की बेहतर स्थापना, स्वस्थ पौध वृद्धि और अच्छी उपज की महत्वपूर्ण आधारशिला है। कृषि विज्ञान केंद्र विदिशा के वैज्ञानिक डॉ. अक्षय उज्ज्वल ने मृदा स्वास्थ्य और जीवांश कार्बन (Orgc Carbon) के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने मृदा में जीवांश पदार्थ बनाए रखने के लिए FYM (गोबर खाद), जैव उर्वरक और अन्य जैविक स्रोतों के उचित उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने मृदा की दीर्घकालीन उर्वरता और उत्पादकता बनाए रखने के लिए संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन अपनाने के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम के अंत में इफको के कृषि स्नातक प्रशिक्षु श्री विशाल पाटीदार ने अतिथियों और किसानों का धन्यवाद ज्ञापित किया। किसान सभा के माध्यम से किसानों को संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन, INM, IPM, प्रधानमंत्री-PRANAM, गुणवत्तापूर्ण बीज चयन, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, जैविक एवं जैव उर्वरकों के उपयोग और आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान वैज्ञानिक एवं सतत कृषि को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।

Share This Article