सरकारी स्कूलों में बच्चों को मिलेगा पौष्टिक नाश्ता, 9 दिसंबर को सभी सेंट्रल किचन का होगा उद्घाटन – एग्रीवेट

Team Agrivate
4 Min Read

एग्रीवेट: तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने सरकारी स्कूलों के छात्रों के लिए नाश्ता योजना को लेकर बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि राज्यभर में 9 दिसंबर को सभी सेंट्रल किचन का उद्घाटन किया जाएगा. राज्य सरकार इन सेंट्रल किचन को खुद तैयार कर रही है. इनका मकसद सरकारी स्कूलों के सभी छात्रों को पौष्टिक नाश्ता उपलब्ध कराना है. नाश्ते का मेन्यू अलग-अलग क्षेत्रों की खान-पान की आदतों को ध्यान में रखकर तय किया जाएगा.

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को 30 नवंबर तक सभी सेंट्रल किचन का काम पूरा करने का निर्देश दिया है. उन्होंने कहा कि छात्रों के लिए इन किचन का दौरा करने की व्यवस्था भी की जाए. रेवंत रेड्डी ने कहा कि सभी सेंट्रल किचन को कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से जोड़ा जाएगा. इससे इनकी नियमित निगरानी की जा सकेगी.

तेलंगाना में सरकारी स्कूलों के छात्रों के लिए शुरू की जा रही नाश्ता योजना को लेकर शुक्रवार को हरे कृष्णा फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी से मुलाकात की. मुख्यमंत्री की मौजूदगी में जुन्ना सोलर सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड और चेन लैब्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने नाश्ता योजना में सहयोग के लिए हरे कृष्णा फाउंडेशन के साथ समझौता किया. दोनों कंपनियां नागरकुर्नूल और विकाराबाद जिलों में आधुनिक केंद्रीकृत कम्युनिटी किचन बनाने में सहयोग करेंगी. इन किचन के जरिए सरकारी स्कूलों के छात्रों के लिए नाश्ता तैयार किया जाएगा.

मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने सरकारी स्कूलों के छात्रों को अच्छी गुणवत्ता वाला और पौष्टिक खाना देने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य बच्चों को पौष्टिक भोजन देना और उन्हें नियमित रूप से सरकारी स्कूलों में पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करना है. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों का रिकॉर्ड तैयार किया जाना चाहिए. इससे छात्रों के शारीरिक विकास और पढ़ाई में उनकी प्रगति को समझने में मदद मिलेगी. उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि छात्रों को दिए जाने वाले भोजन में कितनी कैलोरी है, इसकी जानकारी के लिए एक ऐप विकसित किया जाए. इससे बच्चों को मिलने वाले भोजन की पोषण गुणवत्ता पर नजर रखने में मदद मिलेगी.

Share This Article