एग्रीवेट: Aaj Ka Mausam: देश के कई हिस्सों से मॉनसून की विदाई शुरू हो चुकी है, लेकिन अभी बारिश का दौर पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है. मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में आने वाले दिनों में बारिश जारी रह सकती है. वहीं, उत्तर भारत में मौसम धीरे-धीरे साफ होने की ओर है. दिल्ली में 3 अक्टूबर को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है, जबकि उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों में बारिश देखने को मिल सकती है.
दक्षिण-पश्चिम मॉनसून लगातार आगे बढ़ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के बचे हुए हिस्सों से मॉनसून की वापसी के लिए मौसम अनुकूल बना हुआ है. इसके अलावा गुजरात, मध्य प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों और जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड से भी मॉनसून पीछे हट सकता है. बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों से भी आने वाले दिनों में मॉनसून की विदाई हो सकती है. हालांकि, अलग-अलग मौसम प्रणालियों के कारण कई राज्यों में बारिश का सिलसिला अभी बना रहेगा.
देश की राजधानी दिल्ली में 3 अक्टूबर को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है. दिन का तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. सुबह उत्तर-पश्चिम दिशा से हवाएं करीब 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं. दोपहर में इनकी गति बढ़कर करीब 22 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. शाम के बाद हवाएं कुछ धीमी हो सकती हैं.
उत्तर प्रदेश में 3 अक्टूबर को कुछ इलाकों में बादल छाने और स्थानीय स्तर पर बारिश होने की संभावना है. पूर्वी यूपी में 5 से 8 अक्टूबर के बीच कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 6 और 7 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बारिश के आसार हैं. इस दौरान पूर्वी हिस्सों में मौसम ज्यादा सक्रिय रह सकता है. किसानों को स्थानीय मौसम अपडेट देखते रहने की सलाह दी जाती है, खासकर अगर खेत में कटाई या दूसरी कृषि गतिविधियां चल रही हों.
बिहार में 3 अक्टूबर को कुछ जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. हालांकि, 5 से 8 अक्टूबर के बीच बारिश का दायरा बढ़ने की संभावना है. इस दौरान कई इलाकों में छिटपुट से लेकर बिखरी हुई बारिश हो सकती है. 6 से 8 अक्टूबर के बीच कुछ जगह गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि झोंकों के दौरान यह 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है.
पूर्वी मध्य प्रदेश में 6 से 8 अक्टूबर के दौरान बारिश के आसार हैं. छत्तीसगढ़ में 5 से 8 अक्टूबर तक कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं. पूर्वोत्तर राज्यों में 3 से 8 अक्टूबर तक कई जगह हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है. अरुणाचल में 3 और 4 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है.
तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तेलंगाना के कई हिस्सों में भी बारिश के आसार हैं. केरल और माहे में 3 से 6 अक्टूबर तक कई जगह बारिश हो सकती है. दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 5 और 6 अक्टूबर को बारिश बढ़ने की संभावना है.