एग्रीवेट: 02 अक्टूबर 2026, भोपाल: मध्य प्रदेश को मिलेट स्टेट बनाने में अनूपपुर का महत्वपूर्ण योगदान है : मुख्यमंत्री डॉ. यादव – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश को मिलेट स्टेट बनाने में अनूपपुर जिले का महत्वपूर्ण योगदान है। अनूपपुर जल संपदा से भी समृद्ध है और जिले में केवई उद्वहन सिंचाई परियोजना के माध्यम से सिंचाई सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। प्रदेश में तकनीक और नवाचार के जरिए कृषि उत्पादन और किसानों की आय बढ़ाने के साथ ही 100 लाख हेक्टेयर तक सिंचाई क्षमता का विस्तार करने का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ‘कृषक कल्याण वर्ष-2026’ के अंतर्गत आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में मुख्यमंत्री निवास से वर्चुअली जुड़कर अनूपपुर के किसानों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों को दिन में 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में जारी सेवा-संकल्प अभियान के तहत किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं, गरीबों, महिलाओं और किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में ज्वार और बाजरा जैसे श्रीअन्न के साथ धान उपार्जन के लिए पंजीयन शुरू हो गया है। उन्होंने किसानों से समय रहते पंजीयन कराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसान चौपालों के माध्यम से किसान हितैषी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने के साथ किसानों की समस्याओं का समाधान भी किया जाए।
डॉ. यादव ने कहा कि अनूपपुर में धान, गेहूं, दलहन और तिलहन के उत्पादन के साथ किसान नई तकनीक और नई फसलों को भी अपना रहे हैं। जिले में किसान मशरूम और स्ट्रॉबेरी की खेती कर रहे हैं। उन्होंने किसानों को पशुपालन और दुग्ध उत्पादन जैसी गतिविधियों को अपनाने के साथ नई तकनीक और नवाचार से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि का भविष्य उज्ज्वल है और किसानों को अपने बच्चों को कृषि उद्योगों से जोड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर कदम पर किसानों के साथ है।
बलराम कृषि महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री ने अनूपपुर जिले के प्रगतिशील किसानों से वर्चुअल संवाद किया। किसानों ने कृषि में अपनाई जा रही आधुनिक तकनीकों, कृषि यंत्रीकरण, जैविक एवं प्राकृतिक खेती और पशुपालन से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी।
पुष्पराजगढ़ के रमेश सिंह और अरुण कुमार चन्द्रवंशी ने आधुनिक कृषि यंत्रों और सिंचाई सुविधाओं से मिले लाभ बताए। प्रेमलाल केवट ने जैविक एवं प्राकृतिक खेती, जबकि रामभजन ने फसल प्रदर्शन और किसान खेत पाठशाला की जानकारी दी। पशुपालक माधव सिंह राठौर ने उन्नत पशुपालन और कृत्रिम गर्भाधान तकनीक से बढ़े दुग्ध उत्पादन की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने किसानों को प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उन्नतशील किसानों और शैक्षणिक क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। उन्नतशील किसानों में रामप्रमोद साहू, ओम प्रकाश जोगी, फत्तेलाल जयसवाल, जीवनलाल और जगदीश सिंह को कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
वहीं, शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अनूपपुर के मेधावी विद्यार्थियों दुर्गेश्वरी कोल, दुर्गा सिंह, धनश्वरी देवी, शुभा द्विवेदी और आकाश सिंह मरावी को उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
बलराम कृषि महोत्सव में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन और मत्स्य पालन सहित अन्य विभागों की ओर से प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत कृषि यंत्र, उद्यानिकी फसलें, उन्नत पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, मत्स्य पालन और विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी दी गई।
विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने किसानों को कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों को अपनाकर आय बढ़ाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रीति रमेश सिंह, कलेक्टर रत्नाकर झा, पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पार्वती वाल्मीकि राठौर, जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के पूर्व अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और किसान मौजूद रहे।