सिर्फ ₹600 से शुरू करें केंचुआ खाद का बिजनेस, 2 मीटर बेड में ऐसे तैयार करें वर्मी कंपोस्ट, आइए आगे जानें करोबार का पूरा गणित.. – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: आज के समय में किसान भाई-बहन सिर्फ खेती करने तक ही सीमित नहीं रह गए है, क्योंकि जिस तरह से खेती की लागत लगातार बढ़ती जा रही है. ऐसे में किसानों को तलाश रहती है ऐसे कम लागत और मुनाफे वाले बिजनेस की जिसकी शुरुआत कर वह तगड़ी आमदनी अर्जित कर सकें, तो अगर आप भी बिजनेस करने की सोच रहे हैं तो वर्मी कंपोस्ट यानी केंचुआ खाद का कारोबार ऐसा ही एक विकल्प है. इसे खेत में जैविक खाद के तौर पर इस्तेमाल करने के साथ बाजार में बेचकर अच्छी कमाई बेहद ही आसानी से कर सकते हैं.

अगर आप वर्मीं कंपोस्ट यूनिट शुरु करने की सोच रहे हैं, तो इसके लिए सबसे पहले आप सही जगह का चुनाव करें, जहां बारिश या सिंचाई के दौरान पानी जमा न हो. जलभराव होने पर केंचुओं को नुकसान पहुंच सकता है और तैयार होने वाली खाद की गुणवत्ता भी प्रभावित हो सकती है.

इसके अलावा, वर्मी कंपोस्ट तैयार करने के लिए पक्का बेड बनाया जा सकता है. सामान्य तौर पर बेड की चौड़ाई करीब 1 मीटर और लंबाई 2 मीटर रखी जा सकती है. हालांकि उपलब्ध जगह और उत्पादन की जरूरत के अनुसार बेड की लंबाई में बदलाव किया जा सकता है.

वर्मी कंपोस्ट उत्पादन में केंचुए सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. किसान के अनुभव के अनुसार, करीब 1 मीटर लंबे बेड में लगभग 1 किलो वर्म डाला जा सकता है. इस हिसाब से 2 मीटर लंबे बेड के लिए करीब 2 किलो वर्म की जरूरत होगी, जिसकी कीमत लगभग 600 रुपये तक हो सकती है. वहीं, कुल बिजनेस लागत केवल केंचुओं की कीमत से तय नहीं होगी. बेड तैयार करने, कच्चा माल जुटाने, पानी, श्रम और अन्य व्यवस्थाओं पर भी खर्च हो सकता है.

अगर आप खाद तैयार करते हैं तो वर्मी कंपोस्ट बनाने के लिए कई तरह के जैविक पदार्थों का इस्तेमाल किया जा सकता है. इसमें कच्चा गोबर, फसल अवशेष और चीनी मिल से निकलने वाला प्रेसमड प्रमुख कच्चे माल में शामिल हो सकते हैं.

साथ ही इन जैविक पदार्थों को सीधे केंचुओं के संपर्क में डालने के बजाय उचित तरीके से तैयार करना जरूरी होता है. इसके बाद बेड में जैविक सामग्री की परत तैयार करके उसमें केंचुए डाले जाते हैं. उचित नमी और वातावरण बनाए रखने पर केंचुए जैविक पदार्थों को धीरे-धीरे वर्मी कंपोस्ट में बदलने में मदद करते हैं.

वर्मी कंपोस्ट बिजनेस शुरुआत करने में कितना खर्च होगा?

अगर आप भी वर्मी कंपोस्ट (केंचुआ खाद) बिजनेस शुरु करने की सोच रहे हैं, तो यह आपके लिए मुनाफे का सौदा साबित हो सकता है, क्योंकि इस करोबार की शुरुआत करने के लिए किसानों को अधिक खर्च की आवश्यकता नहीं होगी. यानी की जिस बिजनेस को छोटे स्तर पर ₹10,000 से ₹50,000 और व्यावसायिक (कमर्शियल) स्तर पर ₹75,000 से ₹1,00,000 या इससे अधिक का खर्च पर आसानी से शुरु किया जा सकता है.

वर्मी कंपोस्ट बिजनेस में कितनी होगी इनकम?

अगर आप वर्मी कंपोस्ट बिजनेस करते हैं तो करीबन 40% से 50% तक का शुद्ध मुनाफा कमा सकते हैं. यदि आप 10 बेड से शुरुआत करते हैं, तो सालभर में लगभग 40 से 50 टन खाद का उत्पादन होता है और बाजारों में केंचुआ खाद ₹6 से ₹8 प्रति किलो (थोक) और नर्सरी में ₹15 से ₹20 प्रति किलो (रिटेल) बिकती है.

इसके अलावा, आप अतिरिक्त केंचुए भी ₹150 से ₹200 प्रति किलो में बेच सकते हैं और कुल मिलाकर आप इस बिजनेस से 10 बेड की एक छोटी यूनिट से आप सालाना ₹1.5 लाख से ₹2 लाख रुपये तक तगड़ी आय अर्जित कर सकते हैं.

Share This Article