एग्रीवेट: 29 सितंबर 2026, मुरैना: मुरैना में बाजरा-धान के समर्थन मूल्य पर उपार्जन के लिए पंजीयन जारी – खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर बाजरा एवं धान के उपार्जन के लिए मुरैना जिले में किसानों के पंजीयन की प्रक्रिया 15 सितंबर 2026 से जारी है। 26 सितंबर तक जिले में बाजरा के 94 और धान के 3 किसानों ने समर्थन मूल्य पर उपार्जन के लिए पंजीयन कराया है। बाजरा एवं धान के पंजीयन की अंतिम तिथि 10 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।
शासन ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए बाजरा का समर्थन मूल्य 2,900 रुपये प्रति क्विंटल और धान का समर्थन मूल्य 2,441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। किसानों की सुविधा के लिए जिले में 51 सहकारी समितियों को पंजीयन केंद्र बनाया गया है। इसके अलावा किसान एमपी ऑनलाइन कियोस्क, लोक सेवा केंद्र और मोबाइल एप के माध्यम से भी स्वयं अपना पंजीयन करा सकते हैं।
जिला प्रशासन ने जिले के उन सभी किसानों से अपील की है, जिन्होंने अपने खेतों में बाजरा और धान की फसल बोई है, कि वे निर्धारित समयावधि में अपने निकटतम पंजीयन केंद्र पर पहुंचकर अनिवार्य रूप से पंजीयन कराएं। पंजीयन के लिए किसानों को बैंक पासबुक, आधार कार्ड, ऋण पुस्तिका, समग्र आईडी की छायाप्रति और मोबाइल नंबर सहित आवश्यक जानकारी साथ लेकर जाना होगा।
सभी संबंधित पंजीयन केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्र के किसानों को पंजीयन प्रक्रिया और निर्धारित अंतिम तिथि की जानकारी उपलब्ध कराएं तथा शासन के निर्देशानुसार बाजरा एवं धान के पंजीयन की प्रक्रिया सुनिश्चित करें।