एग्रीवेट: 28 सितंबर 2026, जशपुर: जशपुर के किसान ने अपनाया उन्नत पशुपालन, रोज 6-8 लीटर दूध बेचकर कमा रहे 40 हजार से ज्यादा रुपए – छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड के ग्राम सन्ना के किसान ओम प्रकाश यादव ने उन्नत पशुपालन को अपनाकर अपनी आमदनी बढ़ाई है। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0 के तहत मिली ₹56 हजार की सहायता से उन्होंने उन्नत नस्ल की गाय खरीदी। अब गाय से रोजाना 6 से 8 लीटर दूध प्राप्त हो रहा है। परिवार की जरूरत के बाद बचा हुआ दूध बेचकर वे अब तक ₹40 हजार से अधिक की अतिरिक्त आय अर्जित कर चुके हैं।
ओम प्रकाश यादव पहले भी पारंपरिक तरीके से गाय पालन करते थे, लेकिन दूध उत्पादन कम होने के कारण इससे नियमित अतिरिक्त आमदनी नहीं हो पाती थी। प्राप्त दूध का अधिकांश हिस्सा परिवार के उपयोग में ही चला जाता था। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0 के प्रोडक्शन सिस्टम घटक के तहत कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग से उन्हें पशुपालन के लिए ₹56 हजार की अनुदान सहायता मिली। इस सहायता से उन्होंने उन्नत नस्ल की गाय खरीदी। इसके बाद दूध उत्पादन में बढ़ोतरी हुई और पशुपालन उनके लिए अतिरिक्त आय का जरिया बनने लगा।
उन्नत गाय से ओम प्रकाश को रोजाना करीब 6 से 8 लीटर दूध मिल रहा है। परिवार की जरूरत पूरी करने के बाद बचा हुआ दूध वह बेच रहे हैं। इससे अब तक उन्हें ₹40 हजार से अधिक की अतिरिक्त आय प्राप्त हो चुकी है। इस तरह पहले जहां पशुपालन मुख्य रूप से घरेलू जरूरत तक सीमित था, वहीं अब इससे नियमित रूप से अतिरिक्त कमाई का अवसर मिल रहा है।
ओम प्रकाश गाय के गोबर का उपयोग जैविक खाद के रूप में भी कर रहे हैं। इससे खेती में बाहर से खाद खरीदने की जरूरत कम हुई है और कृषि लागत में बचत हो रही है। इस तरह पशुपालन से उन्हें दूध की बिक्री के साथ खेती के लिए भी लाभ मिल रहा है।
ओम प्रकाश यादव का कहना है कि योजना के तहत मिली सहायता से उन्हें उन्नत गाय खरीदने में मदद मिली, जिससे दूध उत्पादन बढ़ा और अतिरिक्त आमदनी का रास्ता खुला। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उनका अनुभव बताता है कि उचित सहायता और उन्नत पशुपालन पद्धति अपनाकर पारंपरिक पशुपालन को अतिरिक्त आय के साधन के रूप में विकसित किया जा सकता है।