एग्रीवेट: 25 सितंबर को दिल्ली-NCR समेत देश के कई हिस्सों में मौसम बदल सकता है. एक तरफ दिल्ली समेत कुछ इलाकों से मॉनसून की विदाई हो रही है, तो दूसरी ओर एक नया मौसम सिस्टम सक्रिय हो रहा है. इसके असर से आने वाले दिनों में उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन और इसके प्रभाव से ओडिशा, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है. कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो रही है.
IMD के डेली बुलेटिन के अनुसार, 25 सितंबर को देश के कुल 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश, जबकि कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है. दिल्ली से मॉनसून की विदाई हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद राजधानी और आसपास के इलाकों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. आने वाले दिनों में दिल्ली-NCR के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है. इसके साथ ही उत्तर भारत के कुछ अन्य इलाकों में भी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है.
मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर प्रदेश में भी मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. पूर्वी यूपी में 26 सितंबर तक कई जगहों पर बारिश, आंधी और बिजली चमकने की संभावना है. 25 और 26 सितंबर को कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश भी हो सकती है. वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 25 से 27 सितंबर तक कुछ जगहों पर भारी बारिश होने का अनुमान है. वहीं, बिहार में बारिश का दौर जारी है. IMD के अनुसार, 25 सितंबर को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है. 26 सितंबर तक बिहार में कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. कुछ इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है.
ओडिशा में भारी बारिश का दौर जारी है. चक्रवात अर्नब के असर से कई इलाकों में बारिश तेज हो गई है. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों तक राज्य में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. नबरंगपुर जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है. यहां 20 सेंटीमीटर से ज्यादा बारिश होने का अनुमान है. वहीं, बरगढ़, नुआपाड़ा, बलांगीर, कालाहांडी, कोरापुट और मलकानगिरि में अगले 24 घंटे के दौरान 12 से 20 सेंटीमीटर बारिश हो सकती है. इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
बालासोर, संबलपुर, झारसुगुड़ा, क्योंझर, मयूरभंज, सुबर्णपुर, बौध, कंधमाल और रायगढ़ में भी बारिश का अलर्ट है. इन जिलों में 7 से 11 सेंटीमीटर बारिश होने का अनुमान है. इन क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. इसी तरह मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी भारी बारिश का अनुमान है. पूर्वी मध्य प्रदेश में 25 और 26 सितंबर को कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी 25 सितंबर को भारी बारिश होने की संभावना है. छत्तीसगढ़ में 25 सितंबर को बहुत भारी बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश का भी खतरा है. इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.