मॉनसून की विदाई तेज, बंगाल की खाड़ी में डीप डिप्रेशन.. 19 राज्यों में बारिश का अलर्ट – एग्रीवेट

Team Agrivate
5 Min Read

एग्रीवेट: देश के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों से मॉनसून की वापसी शुरू हो गई है. वहीं, बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन के कारण पूर्वी और दक्षिणी राज्यों में एक बार फिर बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू हो सकता है. कुछ इलाकों में इसका असर दिखना भी शुरू हो गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना यह सिस्टम उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों को पार करने के बाद 24 सितंबर को कई राज्यों में भारी बारिश ला सकता है. IMD के अनुसार, गुरुवार, 24 सितंबर को देश के 19 राज्यों में हल्की से लेकर भारी बारिश होने की संभावना है. कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश और तेज हवाएं भी चल सकती हैं.

मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिम-मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन 23 सितंबर की रात तक तट को पार कर सकता है. इसके कलिंगपट्टनम के पास उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तट से टकराने की संभावना है. इसके प्रभाव से 23 और 24 सितंबर को उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश, दक्षिणी अंदरूनी ओडिशा और दक्षिणी छत्तीसगढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश भी होने की आशंका है. वहीं, 24 और 25 सितंबर को तेलंगाना में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश का भी खतरा है।

मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, 24 सितंबर को तेलंगाना, दक्षिणी ओडिशा  और दक्षिणी छत्तीसगढ़ में कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है. इन इलाकों में 204.4 मिमी से ज्यादा बारिश होने की आशंका है. वहीं, उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश, बिहार, झारखंड, गांगेय पश्चिम बंगाल और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है. यहां 12 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है.

24 सितंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, असम, मेघालय और तटीय कर्नाटक में भी कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का खतरा भी रहेगा. मौसम विभाग ने 25 और 26 सितंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. बारिश के कारण प्रदेश के अधिकतम तापमान में 6 से 9 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट आ सकती है.

IMD के अनुसार, 24 से 29 सितंबर के दौरान पश्चिमी मध्य प्रदेश में कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है. पूर्वी मध्य प्रदेश में 24 और 29 सितंबर को बारिश की संभावना है. वहीं, 29 सितंबर को विदर्भ में भी कहीं-कहीं बारिश हो सकती है.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *