एग्रीवेट: KRISHAK JAGAT | National Agriculture Hindi Newspaper
22 सितंबर 2026, मऊगंज: मऊगंज: सब्जी की खेती से आत्मनिर्भर बनीं उमाकली, अब हर महीने कमा रहीं ₹15 हजार – मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले के हनुमना विकासखंड के माजन गांव की रहने वाली उमाकली ने सब्जी उत्पादन के जरिए अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत किया है। पहले पति के साथ कृषि मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाली उमाकली अब सब्जी की खेती से हर महीने ₹15 हजार तक की कमाई कर रही हैं। इसके साथ ही वह कृषि सखी बनकर अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित कर रही हैं।
उमाकली एकल परिवार में रहकर अपने पति के साथ कृषि मजदूरी करती थीं। सीमित आय के कारण परिवार का भरण-पोषण मुश्किल से हो पाता था। करीब दो वर्ष पहले वह मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा संचालित स्वसहायता समूह से जुड़ीं। इसके बाद समूह से ऋण लेकर उन्होंने सब्जी उत्पादन का काम शुरू किया।
3 एकड़ भूमि में सब्जी उत्पादन
उमाकली ने अन्य किसानों की 3 एकड़ भूमि बटाई पर लेकर कृषि एवं सब्जी उत्पादन शुरू किया। खेत में उगाई गई सब्जियों को स्थानीय बाजार और व्यापारियों को बेचकर उन्हें अब हर महीने ₹15 हजार तक की आय हो रही है। इससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और परिवार खुशहाल जीवन जी रहा है।
कृषि सखी बनकर महिलाओं को कर रहीं प्रेरित
सब्जी उत्पादन से आत्मनिर्भर बनने के बाद उमाकली अब कृषि सखी के रूप में भी काम कर रही हैं। वह अन्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित कर रही हैं और उन्हें कृषि गतिविधियों से जुड़कर अपनी आय बढ़ाने के लिए समझाइश दे रही हैं।
The post मऊगंज: सब्जी की खेती से आत्मनिर्भर बनीं उमाकली, अब हर महीने कमा रहीं ₹15 हजार appeared first on Krishak Jagat (कृषक जगत).