एग्रीवेट: बठिंडा/नई दिल्ली, 21 सितंबर 2026 केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान सोमवार को पंजाब दौरे पर रहे। शिवराज सिंह ने यहां तख्त दमदमा साहिब गुरूद्वारे में मत्था टेका, वहीं उन्होंने तख्त दमदमा साहिब तलवंडी में भारतीय जनता पार्टी की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ का शुभारंभ किया और यात्रा में शामिल भी हुए, शिवराज सिंह ने यहां विशाल जनसभा को संबोधित किया।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पहली बार दमदमा साहिब आने का अवसर मिला, लेकिन यहां नशे से प्रभावित परिवारों की पीड़ा देखकर मेरा मन व्यथित है। उन्होंने कहा कि नशे के कारण कई परिवारों ने अपने बेटे खो दिए हैं, कई बहनों की गोद सूनी हो गई है और कई परिवारों के सामने जीवन का सहारा छिन गया है। शिवराज सिंह ने कहा कि मैंने उन बहनों से मुलाकात की, जिनके बेटे नशे के कारण असमय दुनिया से चले गए। किसी का बेटा 18 साल का था, किसी का 21 साल का, किसी का 27 साल का और एक बहन के पति की उम्र केवल 31 वर्ष थी। उन्होंने कहा कि कई पिता अपनी बुढ़ापे की लाठी खो चुके हैं और कई बहनों की मांग का सिंदूर नशे के कारण उजड़ गया है। साथ ही, केंद्रीय मंत्री चौहान ने कहा कि जब ये बहनें अपनी व्यथा सुना रही थीं, तो उनकी आंखों से आंसू बह रहे थे और उनका कलेजा कांप रहा था। इसके साथ ही शिवराज सिंह ने बठिंडा स्थित कृषि विज्ञान केंद्र पहुंचकर किसानों और स्वयं सहायता समूह की बहनों से संवाद किया।
शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले पंजाब की जनता से नशा खत्म करने का वादा किया गया था। तीन महीने में नशा खत्म करने और छह महीने में नशे का नामोनिशान मिटाने की बात कही गई थी। डेडलाइन दी गई थी, लेकिन डेडलाइन एक बार डेड हुई, दोबारा डेड हुई और तिबारा डेड हुई। इनकी डेडलाइन हमेशा डेड होती है। उन्होंने कहा कि आज अत्याचार की अति और अन्याय की पराकाष्ठा हो गई है। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नशे के खिलाफ अपनी व्यथा बताने आ रही महिलाओं को भी पुलिस ने बिना कारण थाने में बैठाया और उन्हें डराने, दबाने की कोशिश की गई। वहीं शिवराज सिंह ने सवाल करते हुए कहा कि पंजाब में नशे के सौदागरों को संरक्षण कौन दे रहा है। उनके ऊपर सुरक्षा की छाया किसकी है..? उनको पनाह कौन दे रहा है? किसके संरक्षण में वे फल-फूल रहे हैं? उन्होंने कहा कि पंजाब को नशे के दरिया में डुबोया जा रहा है, जबकि सत्ता में आने से पहले नशा खत्म करने का वादा किया गया था।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने अरविंद केजरीवाल और पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बड़ी-बड़ी बातें की गई थीं कि पंजाब को विकास का नया मॉडल दिया जाएगा, लेकिन पंजाब को आज नशे का मॉडल मिल गया है। उन्होंने कहा कि इनका मॉडल है एमओडी मॉडल- मॉडल ऑफ ड्रग डेवलपमेंट। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि शिक्षा क्रांति की बात करने वालों के शासन में, आज माफिया क्रांति, नशा क्रांति, ड्रग क्रांति और कोकीन क्रांति की स्थिति दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि कई माताओं की कोख सूनी हो गई, कई बहनें विधवा हो गईं और नशे ने परिवारों को इस कदर प्रभावित किया है कि एक बच्चे ने कथित तौर पर नशे के लिए पैसे न देने पर अपनी मां को गोली मार दी। उन्होंने कहा, क्या हो रहा है अपने पंजाब को? उन्होंने कहा कि, मैं केवल भाषण देने नहीं, बल्कि पंजाब की माताओं और बहनों का दर्द सुनने और उनके साथ खड़े होने आया हूं।
केंद्रीय मंत्री चौहान ने कहा कि भाजपा जो कहती है, उसे करके दिखाती है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ की गई कार्रवाई और नक्सलवाद के खिलाफ अभियान का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने नक्सलवाद को समाप्त करने के लिए 31 मार्च 2026 की समय सीमा तय की थी और निर्धारित तारीख से पहले ही नक्सलवाद के खिलाफ लक्ष्य हासिल कर लिया गया। उन्होंने मध्य प्रदेश में अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि साल 2005 में जब मैंने मुख्यमंत्री पद संभाला, तब प्रदेश में डाकुओं की समस्या गंभीर थी। उन्होंने कहा कि उन्होंने तत्कालीन डीजीपी और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर स्पष्ट किया था कि मध्य प्रदेश की धरती पर या तो डाकू रहेंगे या शिवराज सिंह चौहान रहेगा, दोनों एक साथ नहीं रह सकते। छह महीने के भीतर डाकुओं के खिलाफ कार्रवाई हुई और या तो उन्होंने आत्मसमर्पण किया, मारे गए या मध्य प्रदेश छोड़कर चले गए।
पंजाब में नशे के खिलाफ अभियान जारी रहेगा
पंजाब की जनता से यात्रा से जुड़ने की अपील
शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब की जनता से अपील करते हुए कहा कि बहुत हो चुका है और अब पंजाब को जागना होगा। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में बच्चे नशे की गिरफ्त में हैं और यह संख्या बढ़ती जा रही है। उन्होंने युवाओं से सवाल किया कि वो कब तक सहन करेंगे। उन्होंने लोगों से नशा मुक्त पंजाब यात्रा के साथ जुड़ने और यात्रा को समर्थन देने की अपील की। शिवराज सिंह चौहान ने नौजवानों से कहा कि उन्होंने जो झंडा हाथ में उठाया है, उससे कदम पीछे न खींचें। शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब की जनता से कहा कि मैं बार-बार पंजाब आऊंगा। अगर आम आदमी पार्टी की सरकार में ताकत है तो रोककर दिखा दे। उन्होंने कहा कि अब यह तूफान नशे के खिलाफ शुरू हो रहा है। साथ ही लोगों से अपनी-अपनी जगह खड़े होकर संकल्प लेने की अपील की कि, पंजाब को बचाना हमारा संकल्प है और हम पंजाब को बचाकर ही चैन की सांस लेंगे।