एग्रीवेट: Weather Update: देश के कई हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून सक्रिय बना हुआ है. इसी बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 17 सितंबर को 20 राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है. दिल्ली-NCR के साथ उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड के कुछ हिस्सों में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है. IMD के मुताबिक, गुरुवार को दिल्ली और आसपास के नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में हल्की बारिश के साथ गरज-चमक हो सकती है. इस दौरान हवा की रफ्तार 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए बारिश और आंधी का येलो अलर्ट जारी किया गया है. इनमें गौतम बुद्ध नगर, गोंडा, आजमगढ़, झांसी, प्रयागराज, गोरखपुर, बहराइच, आगरा और बरेली शामिल हैं. इन इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. मौसम विभाग ने गुरुवार को हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं. हिमाचल प्रदेश में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. हिमाचल प्रदेश के शिमला, मनाली, चंबा, कुल्लू, मंडी, सोलन, किन्नौर, ऊना, लाहौल-स्पीति और कांगड़ा में भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है. वहीं, जम्मू-कश्मीर के उधमपुर, राजौरी, किश्तवाड़, गांदरबल, बारामूला, जम्मू, पुंछ, अनंतनाग और रियासी में भी भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है. इन इलाकों में तेज हवाएं 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकती हैं. मौसम विभाग ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कई इलाकों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. पश्चिम बंगाल के कुछ जिलों में हवा की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. पश्चिम बंगाल के नदिया, मुर्शिदाबाद, अलीपुरद्वार, बांकुड़ा, उत्तर 24 परगना, कोलकाता, जलपाईगुड़ी, हावड़ा, मालदा और दुर्गापुर में भारी बारिश और तेज आंधी का अनुमान है. वहीं, ओडिशा के पुरी, मयूरभंज, संबलपुर, भुवनेश्वर, नुआपाड़ा और सुंदरगढ़ में भी भारी बारिश हो सकती है. इन इलाकों में तेज हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. मौसम विभाग ने राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की है. इस दौरान तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. दोनों राज्यों के कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. राजस्थान के अजमेर, जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर, भरतपुर, पाली, टोंक, अलवर, डूंगरपुर और डीडवाना में भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान की संभावना है. वहीं, मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा, उज्जैन, नर्मदापुरम, धार, हरदा, देवास, उमरिया, मंडला, सिवनी, बालाघाट, गुना और जबलपुर में तेज बारिश का अलर्ट है. इन इलाकों में 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.