खाद की कमी रोकने के लिए सरकार का बड़ा कदम, यूरिया-DAP के आयात में भारी उछाल – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: Fertilizer Import: खेती के सीजन में किसानों को खाद की किल्लत का सामना न करना पड़े, इसके लिए केंद्र सरकार ने यूरिया और डीएपी का आयात बढ़ा दिया है. घरेलू उत्पादन में मामूली गिरावट के बीच सरकार ने विदेशों से खाद मंगाकर इसकी उपलब्धता बनाए रखने की कोशिश की है. इसका असर आयात के आंकड़ों में साफ दिखाई दे रहा है. रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 में अप्रैल से जनवरी के दौरान यूरिया और डीएपी दोनों के आयात में पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले बढ़ोतरी हुई है. वहीं, देश में इन खादों की बिक्री भी बढ़ी है. सरकार का कहना है कि राज्यों की मांग और खेती की जरूरत के हिसाब से खाद की आपूर्ति की योजना बनाई जा रही है.

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल से जनवरी 2025-26 के दौरान देश में यूरिया का आयात  *बढ़कर 89.30 लाख टन हो गया. जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह आंकड़ा 48.70 लाख टन था. यानी एक साल में यूरिया के आयात में काफी बढ़ोतरी हुई है. इसी तरह डीएपी का आयात भी 43.09 लाख टन से बढ़कर 60.16 लाख टन पहुंच गया. सरकार ने घरेलू उत्पादन और किसानों की जरूरत के बीच अंतर को पूरा करने के लिए आयात बढ़ाया है, ताकि बुवाई और फसल की बढ़वार के समय खाद की कमी न हो.

खाद के आयात में बढ़ोतरी  की एक बड़ी वजह घरेलू उत्पादन में आई कमी भी है. आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल से जनवरी 2025-26 के दौरान देश में यूरिया का उत्पादन 251.26 लाख टन रहा. पिछले साल इसी अवधि में इसका उत्पादन 258.48 लाख टन था. वहीं, डीएपी का उत्पादन भी 34.25 लाख टन से घटकर 33.71 लाख टन रह गया. ऐसे में घरेलू उत्पादन में आई कमी की भरपाई के लिए सरकार को आयात पर निर्भरता बढ़ानी पड़ी है.

देश में खाद की मांग लगातार बनी हुई है. इसका अंदाजा बिक्री के आंकड़ों से लगाया जा सकता है. अप्रैल से जनवरी 2025-26 के दौरान यूरिया की बिक्री बढ़कर 352.61 लाख टन हो गई, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 345.86 लाख टन थी. इसी तरह डीएपी की बिक्री भी 90.31 लाख टन से बढ़कर 91.36 लाख टन पहुंच गई. इससे साफ है कि खेती में इन दोनों खादों की जरूरत बनी हुई है. किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने  के लिए सरकार राज्यों के साथ मिलकर आपूर्ति की योजना तैयार करती है.

परंपरागत खाद पर निर्भरता  कम करने के लिए सरकार नैनो यूरिया और नैनो डीएपी को भी बढ़ावा दे रही है. इन्हें उर्वरक नियंत्रण आदेश (FCO), 1985 के तहत शामिल किया गया है. सरकारी आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल से जनवरी 2025-26 के दौरान नैनो यूरिया की 182.50 लाख बोतलें और नैनो डीएपी की 144.93 लाख बोतलें बिकीं. प्रत्येक बोतल 500 मिलीलीटर की है.

Share This Article