एग्रीवेट: हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने गन्ने के राज्य परामर्श मूल्य (SAP) को लेकर चल रहे किसान आंदोलन पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि सरकार ने गन्ने का जो भाव तय किया है, वह संतोषजनक है. हालांकि, किसानों को इस कीमत पर आपत्ति जताने और अपनी मांग रखने का पूरा अधिकार है. मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि अन्य फसलों की तरह गन्ने का भाव भी केंद्र सरकार से विचार-विमर्श के बाद तय करने की व्यवस्था है. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मौजूदा सीजन के लिए गन्ने का भाव 430 रुपये और अगले सीजन के लिए 450 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है. उनके मुताबिक, सरकार की ओर से तय किया गया यह भाव संतोषजनक है.
करनाल में पत्रकारों से बातचीत करते हुए राणा ने कहा कि किसानों को इससे ज्यादा भाव की मांग करने का पूरा अधिकार है. उन्होंने पंजाब में हरियाणा से एक रुपये ज्यादा गन्ना मूल्य दिए जाने पर कहा कि ऐसा चुनाव की वजह से किया जा रहा है.
राज्य में पानी के लिए तरस रही केले की फसल, सूखने लगे पौधे, किसानों ने लगाई गुहार – एग्रीवेट
दरअसल, हरियाणा में किसान गन्ने का राज्य परामर्श मूल्य (SAP) बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग को लेकर प्रदेशभर की चीनी मिलों पर प्रदर्शन कर रहे हैं. विरोध के तौर पर किसानों ने मिलों में गन्ने की आपूर्ति भी रोक दी है, जिससे पेराई का काम प्रभावित हो रहा है. वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस 1 दिसंबर को शाहाबाद चीनी मिल के बाहर धरना देगी. इसके अगले दिन यानी 2 दिसंबर को किसान कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री के आवास का घेराव करेंगे.
हरियाणा के मंत्री श्याम सिंह राणा करनाल के पंचायत भवन में जिला जनसंपर्क एवं शिकायत निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करने पहुंचे. बैठक में कुल 13 शिकायतें रखी गईं. इनमें तीन पुरानी और 10 नई शिकायतें शामिल थीं. इनमें से 10 शिकायतों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया, जबकि दो पुरानी और एक नई शिकायत लंबित रह गई. इससे पहले राणा ने कैथल मिनी सचिवालय के सभागार में भी इसी तरह की बैठक की. यहां उन्होंने कुल 11 पुरानी और नई शिकायतें सुनीं. इनमें से आठ शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि तीन शिकायतों को लंबित रखा गया.
बता दें कि पंजाब सरकार ने हाल ही में पेराई सीजन 2026-27 के लिए गन्ने का राज्य परामर्श मूल्य (SAP) बढ़ाकर 431 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया. सरकार के मुताबिक, यह देश में गन्ने का सबसे ज्यादा सरकारी भाव है. इसके साथ ही राज्य की चीनी मिलों को 25 नवंबर 2026 से शुरू करने की तैयारी है. मिलें चालू होने से किसानों को अपनी फसल बेचने और गन्ने की पेराई शुरू होने में आसानी होगी. हालांकि, किसान संगठनों ने सरकार से इससे अधिक भाव देने की मांग की थी.