धान खरीद में फर्जीवाड़े की आशंका! रिकॉर्ड में बाइक-स्कूटर से ढुलाई, फर्जी वाहन नंबरों का भी खुलासा – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: हरियाणा के कैथल जिले में धान खरीद व्यवस्था में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की आशंका सामने आई है. सरकारी रिकॉर्ड में धान को मंडियों तक पहुंचाने के लिए इस्तेमाल किए गए वाहनों में मोटरसाइकिल, स्कूटर और एसयूवी तक के नंबर दर्ज मिले हैं. इससे राज्य सरकार की खरीद व्यवस्था के तहत वाहनों और धान की आवक की जांच प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए हैं.

द ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, उपायुक्त अपराजिता की ओर से गठित जांच समिति ने अपनी अंतरिम रिपोर्ट में वाहनों के फर्जी रजिस्ट्रेशन नंबर और जमीन के दोहरे रिकॉर्ड दर्ज होने की गड़बड़ी पकड़ी है. इसके बाद जिला प्रशासन ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है. जांच में यह भी सामने आया है कि कैथल जिले से बाहर स्थित पेहोवा अनाज मंडी में कथित तौर पर ऐसे वाहनों से धान पहुंचाया गया, जिनके रजिस्ट्रेशन नंबर दोपहिया वाहनों के थे. इससे सरकारी खरीद में फर्जीवाड़े  की आशंका और बढ़ गई है. हालांकि, सरकारी खजाने को हुए संभावित नुकसान का अभी आकलन नहीं किया गया है. हालांकि, कहा जा रहा है कि यह नुकसान करोड़ों रुपये तक पहुंच सकता है.

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने अब जिले की सभी अनाज मंडियों और खरीद केंद्रों के गेट पास रिकॉर्ड में दर्ज वाहन नंबरों का सीसीटीवी फुटेज से मिलान करने का आदेश दिया है. इससे यह पता लगाया जाएगा कि रिकॉर्ड में दर्ज वाहनों से वास्तव में धान मंडियों तक पहुंचाया गया था या नहीं. दरअसल, इस मामले की जांच 18 नवंबर 2026 को उपायुक्त के निर्देश पर शुरू की गई थी. जांच समिति की अध्यक्षता गुहला के एसडीएम कर रहे हैं. इसमें कृषि, राजस्व, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग और हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अधिकारी शामिल हैं.

जांच में एक और बड़ी गड़बड़ी सामने आई है. राजस्व विभाग ने करीब 35 ऐसे किसानों की सूची सौंपी है, जिनके पास उन गांवों में जमीन नहीं है, जिनके निवासी के तौर पर उनका नाम ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ (MFMB) पोर्टल पर दर्ज है. यानी पोर्टल पर दर्ज पते और किसानों की जमीन के रिकॉर्ड में अंतर पाया गया है. जांच अधिकारियों के मुताबिक, इन किसानों के मोबाइल नंबर या तो बंद मिले या उनसे संपर्क नहीं हो सका. इससे सरकारी खरीद प्रक्रिया में किसानों के पंजीकरण और उनके जमीन के रिकॉर्ड की जांच पर भी सवाल खड़े हो गए हैं.

जांच समिति के अध्यक्ष और गुहला के एसडीएम मनीष यादव ने बताया कि अंतरिम रिपोर्ट उपायुक्त को सौंप दी गई है. जांच में वाहनों के फर्जी रजिस्ट्रेशन नंबर और जमीन के दोहरे रिकॉर्ड मिलने की पुष्टि हुई है. अब जिले की हर अनाज मंडी के गेट पास रिकॉर्ड की जांच की जा रही है. वहीं, उपायुक्त अपराजिता ने कहा कि जांच रिपोर्ट अभी अंतिम रूप से तैयार नहीं हुई है. जांच पूरी होने के बाद सामने आने वाले तथ्यों और सबूतों के आधार पर कार्रवाई  की जाएगी. अधिकारियों को उम्मीद है कि ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ (MFMB) पोर्टल के आंकड़ों और मंडियों के गेट पास रिकॉर्ड की विस्तार से जांच करने से खरीद प्रक्रिया में हुई गड़बड़ियों का सही पता चल सकेगा.

Share This Article