एग्रीवेट: Winter Poultry Care: सर्दियों में तापमान गिरने और शीतलहर चलने से मुर्गीपालन करने वाले किसानों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. ठंड का असर मुर्गियों की सेहत, भोजन-पानी की खपत और अंडा उत्पादन पर भी पड़ता है. खासकर छोटे चूजों को कम तापमान से बचाना बेहद जरूरी होता है. ऐसे में मुर्गीपालकों को सर्दी शुरू होने से पहले ही फार्म में जरूरी इंतजाम कर लेने चाहिए. पशुपालन विभाग के अनुसार, साफ पानी, संतुलित आहार, उचित तापमान और आवास की व्यवस्था करके मुर्गियों को ठंड से बचाया जा सकता है. इसके लिए कुछ जरूरी उपाय अपनाना फायदेमंद हो सकता है.
ठंड के मौसम में पानी अधिक ठंडा होने के कारण मुर्गियां सामान्य दिनों की तुलना में कम पानी पी सकती हैं. इससे उनके स्वास्थ्य और अंडा उत्पादन पर असर पड़ने की आशंका रहती है. इसलिए मुर्गीपालकों को दिन में कई बार साफ और ताजा पानी उपलब्ध कराना चाहिए. पानी के बर्तनों की नियमित सफाई करें और उनमें जमा गंदगी को हटाते रहें. पानी की टंकियों को ढककर रखें तथा पाइपलाइन और टैंक की समय-समय पर सफाई करें. मुर्गियों को दूषित या मिट्टी मिला पानी बिल्कुल न पिलाएं.
भारत के दूध उत्पादन में 2.4% की बढ़ोतरी, फिर क्यों धीमी हुई वृद्धि दर? पढ़ें रिपोर्ट – एग्रीवेट
सर्दियों में मुर्गियों के लिए पर्याप्त मात्रा में दाने का भंडारण करना जरूरी है. दाने की बोरियों को सीधे जमीन पर रखने से उनमें नमी और सीलन आ सकती है. इससे दाना खराब होने का खतरा रहता है. इसलिए बोरियों को लकड़ी के पट्टों पर जमीन से करीब एक फीट ऊंचाई पर रखें. साथ ही दीवार से लगभग आधा फीट की दूरी बनाए रखें. मुर्गियों को उनकी उम्र और जरूरत के अनुसार संतुलित आहार दें, ताकि उनकी सेहत और उत्पादन क्षमता बनी रहे.
सर्दियों में छोटे चूजों को ठंड से बचाने के लिए विशेष इंतजाम करने चाहिए. इसके लिए गैस ब्रूडर, हीटर या अन्य सुरक्षित ताप व्यवस्था का इस्तेमाल किया जा सकता है. पशुपालन विभाग के अनुसार, चूजों के शुरुआती सप्ताह में तापमान करीब 95 डिग्री फॉरेनहाइट रखना चाहिए. इसके बाद दूसरे से चौथे सप्ताह तक हर सप्ताह लगभग 5 डिग्री तापमान कम किया जा सकता है. इस तरह चौथे सप्ताह तक तापमान करीब 80 डिग्री फॉरेनहाइट तक लाया जा सकता है. सुबह के समय मुर्गी आवास में धूप पहुंचने की व्यवस्था भी करें.
मुर्गियों को शीतलहर से बचाने के लिए उनके आवास की छत और खुले हिस्सों को सुरक्षित रखना जरूरी है. इसके लिए छत पर बोरे या फट्टी बिछाई जा सकती है. वहीं, खुले हिस्सों में मोटे पर्दे लगाकर ठंडी हवा के सीधे प्रवेश को रोका जा सकता है. रात के समय जाली के निचले हिस्से को पर्दों से ढकना फायदेमंद रहता है. हालांकि, आवास में हवा आने-जाने की पर्याप्त व्यवस्था बनाए रखें, ताकि नमी और हानिकारक गैसें जमा न हों.
सर्दियों में मुर्गियों को बीमारियों से बचाने के लिए फार्म की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देना चाहिए. आवास के आसपास पानी जमा न होने दें और घास-झाड़ियों को समय-समय पर हटाते रहें. गीले बिछावन को बदलकर फर्श को सूखा रखें. इसके अलावा मुर्गियों के व्यवहार, भोजन की खपत और स्वास्थ्य पर नियमित नजर रखें. किसी मुर्गी में बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर पशु चिकित्सक से सलाह लें. इन उपायों को अपनाकर मुर्गियों को ठंड से बचाने के साथ अंडा उत्पादन को भी प्रभावित होने से रोकने में मदद मिल सकती है.