भारत में बढ़ा दूध उत्पादन, फिर क्यों बढ़ रही चिंता? सामने आए चौंकाने वाले आंकड़े – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: Milk Production India: भारत में दूध का उत्पादन लगातार बढ़ रहा है. गांवों में पशुपालन करने वाले किसानों की मेहनत से भारत दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक देश बना हुआ है. लेकिन इस बार दूध उत्पादन के आंकड़ों में एक ऐसी बात सामने आई है, जो थोड़ी चिंता बढ़ाने वाली है. दरअसल, साल 2025-26 में देश का दूध उत्पादन बढ़कर 25.38 करोड़ टन पहुंच गया है, लेकिन इसकी बढ़ने की रफ्तार पिछले पांच साल में सबसे कम रही है. यानी दूध तो ज्यादा पैदा हुआ, लेकिन पहले के मुकाबले इसकी बढ़ोतरी धीमी पड़ गई है.

पशुपालन और डेयरी विभाग की ओर से जारी बेसिक एनिमल हसबैंड्री स्टैटिस्टिक्स (BAHS) 2026 की रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है. यह आंकड़े 26 नवंबर को राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के मौके पर जारी किए गए.

रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2025-26 में भारत में कुल 25.38 करोड़ टन दूध का उत्पादन हुआ. जबकि इससे पिछले साल यानी 2024-25 में यह आंकड़ा 24.78 करोड़ टन था. इस तरह एक साल में दूध उत्पादन में करीब 2.40 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. हालांकि, चिंता की बात यह है कि उत्पादन बढ़ने के बावजूद इसकी रफ्तार लगातार धीमी हो रही है. साल 2021-22 में दूध उत्पादन की बढ़ोतरी दर 5.77 फीसदी थी. इसके बाद 2022-23 में यह घटकर 3.83 फीसदी, 2023-24 में 3.78 फीसदी और 2024-25 में 3.58 फीसदी रह गई. अब 2025-26 में यह और गिरकर 2.40 फीसदी पर पहुंच गई है.

देश में दूध उत्पादन के मामले में उत्तर प्रदेश पहले नंबर पर बना हुआ है. इसके बाद राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र का नंबर आता है. इन पांच राज्यों की देश के कुल दूध उत्पादन में आधे से ज्यादा हिस्सेदारी है. इससे साफ है कि देश के दूध कारोबार में इन राज्यों के पशुपालकों की बड़ी भूमिका है. खासकर गांवों में गाय और भैंस पालकर दूध बेचने वाले परिवार इस कारोबार को आगे बढ़ा रहे हैं.

दूध उत्पादन बढ़ने के साथ देश में प्रति व्यक्ति दूध की उपलब्धता भी बढ़ी है. रिपोर्ट के अनुसार, साल 2025-26 में हर व्यक्ति के लिए रोजाना औसतन 492 ग्राम दूध उपलब्ध रहा. जबकि 2024-25 में यह मात्रा 485 ग्राम थी. यानी एक साल में रोजाना दूध की उपलब्धता 7 ग्राम बढ़ी है. वहीं, दुनिया के कुल दूध उत्पादन में भारत की हिस्सेदारी एक चौथाई से ज्यादा है. इस मामले में भारत पहले स्थान पर बना हुआ है.

सरकार ने साल 2026-27 के लिए देश में 27.75 करोड़ टन दूध उत्पादन का लक्ष्य रखा है. इसे हासिल करने के लिए पशुपालन और डेयरी कारोबार को और मजबूत करना होगा. इसके लिए पशुओं की अच्छी नस्ल, समय पर टीकाकरण, सही खानपान और बेहतर देखभाल पर ध्यान देना जरूरी है. इससे पशुओं की सेहत अच्छी रहेगी और दूध देने की क्षमता भी बढ़ सकती है.

Share This Article