भारत के दूध उत्पादन में 2.4% की बढ़ोतरी, फिर क्यों धीमी हुई वृद्धि दर? पढ़ें रिपोर्ट – एग्रीवेट

Team Agrivate
7 Min Read

एग्रीवेट: भारत दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक देश बना हुआ है. देश में दूध का उत्पादन लगातार बढ़ रहा है, लेकिन इसकी वृद्धि दर में गिरावट देखने को मिली है. साल 2025-26 में भारत का कुल दूध उत्पादन 2.4 प्रतिशत बढ़कर 253.81 मिलियन टन पहुंच गया, जबकि 2024-25 में यह 247.87 मिलियन टन था. हालांकि, पिछले साल के मुकाबले दूध उत्पादन की वृद्धि दर धीमी हुई है. पशुपालन और डेयरी क्षेत्र से जुड़े ये आंकड़े गुरुवार को जारी ‘बेसिक एनिमल हसबेंडरी स्टैटिस्टिक्स 2026’ में सामने आए हैं.

रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में दूध उत्पादन की वृद्धि दर 2024-25 में 3.58 प्रतिशत थी, जो 2025-26 में घटकर 2.4 प्रतिशत रह गई. पिछले पांच वर्षों में दूध उत्पादन की वृद्धि दर आधी से भी कम हो गई है. हालांकि, कुल उत्पादन में लगातार बढ़ोतरी जारी है. वहीं, देश में प्रति व्यक्ति दूध की उपलब्धता भी बढ़ी है. 2024-25 में जहां हर व्यक्ति के लिए औसतन 485 ग्राम दूध प्रतिदिन उपलब्ध था, वहीं 2025-26 में यह बढ़कर 492 ग्राम प्रतिदिन हो गया है.

रिपोर्ट में दूध उत्पादन बढ़ने का श्रेय सरकार की ओर से उठाए गए कदमों को दिया गया है. इसमें पशुओं की उत्पादकता बढ़ाने, बेहतर नस्ल के पशुओं को तैयार करने, प्रजनन सुविधाओं में सुधार, पशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और डेयरी किसानों को आर्थिक और तकनीकी सहायता देने जैसे प्रयास शामिल हैं.

‘बिजनेस लाइन’ में प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, पशुओं की प्रजातियों के हिसाब से देखें तो देश के कुल दूध उत्पादन में सबसे बड़ा योगदान गायों का है. साल 2025-26 में कुल दूध उत्पादन में गायों की हिस्सेदारी 53.63 प्रतिशत रही. इसमें संकर और विदेशी नस्ल की गायों का योगदान 32.98 प्रतिशत और देसी और अन्य नस्ल की गायों का योगदान 20.65 प्रतिशत रहा. वहीं, भैंसों से देश के कुल दूध उत्पादन का 43.02 प्रतिशत दूध प्राप्त हुआ, जबकि बकरियों की हिस्सेदारी 3.35 प्रतिशत रही. इससे साफ है कि भारत के डेयरी क्षेत्र में गायों और भैंसों की अहम भूमिका बनी हुई है.

राज्यों की बात करें तो उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा दूध उत्पादक राज्य बना हुआ है. 2025-26 में देश के कुल दूध उत्पादन में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 15.56 प्रतिशत रही. राजस्थान 14.75 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ दूसरे स्थान पर रहा. इसके अलावा मध्य प्रदेश 8.93 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ तीसरे, गुजरात 7.86 प्रतिशत के साथ चौथे और महाराष्ट्र 6.69 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ पांचवें स्थान पर रहा.

दूध उत्पादन की वृद्धि दर के मामले में तमिलनाडु सबसे आगे रहा. यहां 2025-26 में पिछले साल के मुकाबले दूध उत्पादन में 6.59 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई. झारखंड 5.57 प्रतिशत के साथ दूसरे, तेलंगाना 4.82 प्रतिशत के साथ तीसरे और आंध्र प्रदेश 3.67 प्रतिशत के साथ चौथे स्थान पर रहा. वहीं, उत्तर प्रदेश में दूध उत्पादन की वृद्धि दर 1.74 प्रतिशत और राजस्थान में 1.91 प्रतिशत रही. मध्य प्रदेश में यह सबसे कम 0.36 प्रतिशत दर्ज की गई. गुजरात में दूध उत्पादन 3.39 प्रतिशत और महाराष्ट्र में 2.18 प्रतिशत बढ़ा. रिपोर्ट के मुताबिक, करीब नौ राज्यों में दूध उत्पादन की वृद्धि दर राष्ट्रीय औसत 2.4 प्रतिशत से अधिक रही.

खाद्य और कृषि संगठन (FAO) के अनुमान के मुताबिक, साल 2026 में दुनिया का कुल दूध उत्पादन बढ़कर 1,015.5 मिलियन टन तक पहुंच सकता है. यह 2025 के मुकाबले 1.8 प्रतिशत अधिक होगा. हालांकि, 2025 में वैश्विक दूध उत्पादन की वृद्धि दर 2.2 प्रतिशत थी, यानी इस साल वैश्विक स्तर पर भी उत्पादन बढ़ने की रफ्तार कुछ धीमी रह सकती है. FAO के अनुसार, वैश्विक दूध उत्पादन में बढ़ोतरी का सबसे बड़ा हिस्सा एशिया से आने की उम्मीद है. इसमें भारत और पाकिस्तान की अहम भूमिका होगी. इन देशों में दूध की घरेलू मांग बढ़ने और पशुओं की उत्पादकता में सुधार से उत्पादन को बढ़ावा मिलने का अनुमान है. भारत फिलहाल दुनिया के कुल दूध उत्पादन में करीब एक चौथाई हिस्सेदारी के साथ पहले स्थान पर है.

Share This Article