एग्रीवेट: यूपी के किसानों के लिए राहत की खबर सामने आई है. योगी सरकार निराश्रित गोवंश के संरक्षण को किसानों की आय, जैविक खेती और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जोड़ने के लिए ‘चारा के बदले खाद’ का अभिनव मॉडल शुरू करने की तैयारी कर रही है. इसके तहत गोशालाएं भूसा-चारा सप्लायर के बजाय अपनी ग्राम पंचायत के किसानों से सीधे चारा खरीद सकेंगी. किसानों और गोआश्रय स्थलों के बीच सीधा वार्षिक अनुबंध होगा, जिसके तहत हरे-सूखे चारे और भूसे के बदले किसानों को जैविक खाद और गोबर व गोमूत्र उपलब्ध कराये जाएंगे.
पशुपालन विभाग के अपर मुख्य सचिव मुकेश मेश्राम ने बताया कि प्रदेश में गो संरक्षण की व्यवस्था अब व्यापक स्वरूप ले रही है. नई पहल के माध्यम से गोआश्रय स्थलों, किसानों और प्राकृतिक खेती को एक-दूसरे से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है. चारे के बदले जैविक खाद उपलब्ध कराने की व्यवस्था से गो संरक्षण को जनभागीदारी और कृषि उपयोगिता के साथ जोड़ने में मदद मिलेगी.
आज चक्रवात में तब्दील होगा बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव, कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट – एग्रीवेट
मुकेश मेश्राम के अनुसार, इस नई पहल से चारे के रूप में उपयोग योग्य फसल अवशेषों और पराली का गोशालाओं में इस्तेमाल होने से इन्हें जलाने की जरूरत नहीं रहेगी और प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी. वहीं, गोआश्रय स्थलों में वर्ष भर चारे की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित होने के साथ स्थानीय किसानों को आर्थिक लाभ मिलेगा और गोसंरक्षण की व्यवस्था आत्मनिर्भर एवं टिकाऊ बनेगी.
मेश्राम के मुताबिक, प्रयास है कि गोवंश संरक्षण की व्यवस्था को दीर्घकालिक और आर्थिक रूप से टिकाऊ बनाया जाए. इसी सोच के तहत गोआश्रय स्थलों को केवल निराश्रित गोवंश के संरक्षण का केंद्र न बनाकर जैविक खाद उत्पादन और प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने वाली इकाई के रूप में भी विकसित करने की दिशा में कदम बढ़ाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि चारे के बदले खाद उपलब्ध कराने की व्यवस्था से गोवंश संरक्षण में किसानों की सक्रिय भागीदारी बढ़ेगी. साथ ही गोबर और गोमूत्र का उपयोग जैविक खाद तैयार करने में किया जा सकेगा.
अपर मुख्य सचिव मुकेश मेश्राम ने बताया कि योजना के तहत किसानों को गो आधारित प्राकृतिक खेती के लिए विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा. उन्हें गोबर और गोमूत्र से उच्च गुणवत्ता वाली जैविक खाद तैयार करने की विधि सिखाई जाएगी. इसके साथ ही प्राकृतिक खेती में जैविक खाद के वैज्ञानिक और तकनीकी उपयोग की विधिवत जानकारी दी जाएगी. इसका उद्देश्य यह है कि किसान केवल जैविक खाद प्राप्त करने तक सीमित न रहें, बल्कि उसके निर्माण, गुणवत्ता और खेतों में प्रभावी उपयोग की तकनीक भी समझें. इससे प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के साथ कृषि में गोवंश की उपयोगिता को भी नए सिरे से स्थापित किया जा सकेगा.
पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने बताया कि योगी सरकार के प्रयासों से प्रदेश में गोवंश संरक्षण के लिए व्यापक व्यवस्था विकसित की गई है. प्रदेश में 7,700 से अधिक गोआश्रय स्थलों के माध्यम से 16 लाख से ज्यादा निराश्रित गोवंश को संरक्षित किया गया है. उन्होंने बताया कि अब इस व्यवस्था को और मजबूत बनाने के साथ इसके संचालन को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दे रही है. वहीं, ‘चारा के बदले खाद’ मॉडल इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है.
मंत्री धर्मपाल सिंह ने बताया कि योगी सरकार निराश्रित गोवंश के संरक्षण के लिए लगातार प्रयास कर रही है. सरकार का उद्देश्य गोवंश के संरक्षण के साथ ऐसी व्यवस्थाएं विकसित करना है, जिनसे यह अभियान निरंतर और प्रभावी ढंग से संचालित हो सके.
ट्रैक्टर खरीदने पर किसानों को 3 लाख रुपये तक मदद दे रही सरकार, 15 दिसंबर तक करें आवेदन