एग्रीवेट: Gold-Silver Rate Today: सोने की कीमतों में लगातार तीसरे दिन तेजी देखने को मिली है. हाल के दिनों में भाव गिरने के बाद अब निचले स्तर पर खरीदारी बढ़ने से सोने की कीमतों को सहारा मिला है. बीते तीन दिनों में 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 2,730 रुपये और 22 कैरेट सोना 2,510 रुपये महंगा हो चुका है. वहीं, चांदी की कीमतों में एक बार फिर गिरावट आई है. चार दिनों तक भाव स्थिर रहने के बाद आज एक किलो चांदी 100 रुपये सस्ती हो गई.
25 नवंबर को राजधानी दिल्ली में 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव 1,27,910 रुपये और 22 कैरेट सोने का भाव 1,17,310 रुपये है. मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु और हैदराबाद में भी सोने की कीमतें लगभग इसी स्तर पर हैं.
आज का मौसम: दक्षिण भारत में भारी बारिश… उत्तर भारत में छाएगा घना कोहरा, पढ़ें IMD का ताजा अपडेट – एग्रीवेट
ये कीमतें सांकेतिक हैं. ज्वेलरी खरीदते समय शहर और दुकान के हिसाब से भाव में अंतर हो सकता है. इसके अलावा जीएसटी और मेकिंग चार्ज भी अलग से जुड़ते हैं.
सोने के उलट चांदी की कीमतों में गिरावट आई है. चार दिनों तक भाव में कोई बदलाव नहीं होने के बाद आज एक किलो चांदी 100 रुपये सस्ती हुई. दिल्ली में इसका भाव 1,74,900 रुपये प्रति किलो पर आ गया है. मुंबई, चेन्नई और कोलकाता में भी चांदी इसी भाव पर बिक रही है. पिछले 10 दिनों में चांदी की कीमत कुल 20,100 रुपये टूट चुकी है. ऐसे में सोने में तेजी लौटने के बावजूद चांदी अभी दबाव में दिखाई दे रही है.
आने वाले दिनों में अमेरिका से आने वाली कुछ अहम खबरों का असर सोने की कीमतों पर पड़ सकता है. 25 नवंबर को अमेरिका में महंगाई से जुड़े पीसीई आंकड़े जारी होंगे. इसके बाद 4 दिसंबर को रोजगार के आंकड़े आएंगे. वहीं, 8 और 9 दिसंबर को अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक होगी. इस बैठक में 9 दिसंबर को ब्याज दरों पर फैसला लिया जा सकता है.
अगर अमेरिका में महंगाई बढ़ती है और ब्याज दरें घटने की उम्मीद कम होती है, तो सोने की कीमतों में गिरावट आ सकती है. वहीं, अगर ब्याज दरें घटाने के संकेत मिलते हैं, तो सोने के दाम बढ़ सकते हैं. ऐसे में आने वाले दिनों में सोने की कीमतें इन आंकड़ों और फेडरल रिजर्व के फैसले पर काफी हद तक निर्भर करेंगी.