एग्रीवेट: प्रधानमंत्री Kisan Samman Nidhi: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में बड़ी संख्या में किसान अब तक फार्मर आईडी नहीं बनवा सके हैं. इसका असर भविष्य में सरकारी कृषि योजनाओं के लाभ पर पड़ सकता है. जिले के 3.05 लाख से अधिक पीएम किसान सम्मान निधि लाभार्थियों में से 1.11 लाख से ज्यादा किसानों का फार्मर रजिस्ट्रेशन अब भी बाकी है. कृषि विभाग किसानों को जल्द से जल्द पंजीकरण कराने की सलाह दे रहा है. इसके लिए जमीन का दाखिल-खारिज कराना भी जरूरी बताया जा रहा है.
पश्चिम चंपारण में पीएम किसान सम्मान निधि योजना के कुल 3,05,242 लाभार्थी हैं. इनमें से अब तक 1,93,802 किसानों ने ही फार्मर रजिस्ट्रेशन कराया है. वहीं, 1,11,440 किसान अभी भी फार्मर आईडी से वंचित हैं. ऐसे में भविष्य में यदि पीएम किसान सम्मान निधि को फार्मर आईडी से अनिवार्य रूप से जोड़ दिया जाता है, तो इन किसानों के सामने योजना का लाभ जारी रखने की परेशानी आ सकती है. हालांकि, फिलहाल जिले में पीएम किसान योजना के लिए फार्मर आईडी अनिवार्य करने का कोई आधिकारिक निर्देश प्राप्त नहीं हुआ है.
Weather Update: दक्षिण भारत के इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली-NCR में ऐसा रहेगा मौसम – एग्रीवेट
कृषि विभाग किसानों को फार्मर रजिस्ट्रेशन से पहले जमीन का दाखिल-खारिज कराने की सलाह दे रहा है. विभाग के मुताबिक, फार्मर आईडी बनवाने के लिए किसान के नाम पर जमीन दर्ज होना जरूरी है. जिन किसानों की जमीन अभी भी उनके पूर्वजों या परिवार के अन्य सदस्यों के नाम पर दर्ज है, उन्हें पहले अपने नाम पर दाखिल-खारिज कराना होगा. जमीन के रिकॉर्ड में नाम दर्ज होने से फार्मर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया आसान हो सकती है. इसलिए किसानों को समय रहते भूमि संबंधी दस्तावेज दुरुस्त कराने की सलाह दी जा रही है.
जिले में फार्मर रजिस्ट्रेशन की रफ्तार बढ़ाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है. किसानों की सुविधा के लिए बिहार भूमि पोर्टल से जमाबंदी का डाटा डाउनलोड करने की व्यवस्था भी की गई है. अनुमंडलवार आंकड़ों पर नजर डालें तो बेतिया में सबसे अधिक 60,786 किसानों का फार्मर रजिस्ट्रेशन लंबित है. वहीं, बगहा अनुमंडल में 29,989 और नरकटियागंज में 20,665 किसान अभी तक पंजीकरण नहीं करा सके हैं. इन आंकड़ों से साफ है कि जिले के तीनों अनुमंडलों में बड़ी संख्या में किसानों को अभी फार्मर आईडी बनवानी बाकी है.
पश्चिम चंपारण के अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा ने किसानों को जमीन का दाखिल-खारिज हर हाल में कराने की सलाह दी है. उन्होंने कहा कि फार्मर रजिस्ट्रेशन के लिए किसान के नाम पर जमीन होना जरूरी है. हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वर्तमान में पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ लेने के लिए फार्मर आईडी अनिवार्य करने के संबंध में जिले को कोई निर्देश नहीं मिला है. ऐसे में किसानों को किसी तरह की परेशानी से बचने के लिए भूमि रिकॉर्ड दुरुस्त कराने और फार्मर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी करने पर ध्यान देना चाहिए.