एग्रीवेट: उत्तर प्रदेश के किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना और कृषि को अधिक लाभकारी बनाना योगी सरकार की प्राथमिकता में शामिल हैं. इसी क्रम में उत्तर प्रदेश कृषि विभाग ने मटर की खेती करने के लिए अपील जारी की है. रबी सीजन में मटर की खेती किसानों को कुछ ऐसा ही फायदा दे सकती है.कृषि विभाग के अपर निदेशक प्रसार डॉ एके सिंह ने बताया कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज एवं बेहतर उत्पादन के लिए समय से बुवाई के लिए उपयुक्त मटर की उन्नतशील प्रजातियों की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है. उन्होंने बताया कि IPFD 19-3 (अर्पित), IPF 16-13 (हरित), IPFD 19-1 (शिखर), पंत पी 347 एवं 250 और HFP 1428 जैसी प्रजातियां समय से बुवाई के लिए सबसे ज्यादा बेहतर हैं.
डॉ एके सिंह ने बताया कि इन सभी मटर की प्रजातियों के बीज राजकीय बीज भंडारों पर अनुदान पर उपलब्ध हैं. प्रदेश के किसान भाई-बहन उन्नत बीज अपनाकर बेहतर फसल उत्पादन एवं कृषि लाभ की दिशा में आगे बढ़ाने की अपील की. उन्होंने बताया कि अधिक जानकारी के लिए कृषि विभाग उत्तर प्रदेश हेल्पलाइन नंबर 0522-2317003 पर संपर्क किया जा सकता है. वहीं, उत्तर प्रदेश में मटर की बुवाई के लिए अक्टूबर से नवंबर का समय सबसे उपयुक्त माना जाता है.
अब जमीन के मामलों में कोर्ट के चक्कर खत्म: बिहार में RCMS लॉन्च, मोबाइल से जुड़ सकेंगे सुनवाई में – एग्रीवेट
अपर निदेशक प्रसार ने बताया कि मटर सर्दियों में उगाई जाने वाली फसल है. इसलिए मटर की फसल में चेपा, थ्रिप्स और पत्तियों को नुकसान पहुंचाने वाले कीट लग सकते हैं. इसके अलावा पत्तियों पर सफेद चूर्ण जैसी बीमारी और जड़ सड़न की परेशानी भी हो सकती है. इसलिए किसान नियमित रूप से फसल की जांच करें. वहीं, मटर की फसल पर बीमारी दिखने पर कृषि विशेषज्ञ की सलाह से ही उपचार करवाना चाहिए.
बता दें कि राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड (एनएचबी) के वर्ष 2025-26 के रिपोर्ट के अनुसार, मटर उत्पादन में उत्तर प्रदेश ने देशभर में अपनी मजबूत स्थिति दर्ज कराई है. प्रदेश में 38.06 लाख मीट्रिक टन मटर का उत्पादन हुआ है जबकि देश का कुल उत्पादन 71.78 लाख मीट्रिक टन है. इस तरह राष्ट्रीय मटर उत्पादन में यूपी की हिस्सेदारी 53.03 प्रतिशत है. यानी देश में पैदा होने वाली आधे से अधिक मटर उत्तर प्रदेश में उत्पादित होती है.
यह उपलब्धि प्रदेश के किसानों की उत्पादन क्षमता और मटर की खेती में यूपी की अग्रणी भूमिका को दर्शाती है. फल उत्पादन की प्रमुख फसलों में भी उत्तर प्रदेश ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है.