एग्रीवेट: महाराष्ट्र के नासिक जिले में इस साल खरीफ और लेट खरीफ प्याज का उत्पादन करीब 49 फीसदी घटने का अनुमान है. सूखे और खेती का रकबा कम होने से प्याज की पैदावार पर असर पड़ा है. राज्य के कृषि विभाग के मुताबिक, इस सीजन जिले में दोनों फसलों का कुल उत्पादन करीब 7.6 लाख टन रह सकता है, जबकि पिछले साल 14.92 लाख टन प्याज पैदा हुआ था. यानी इस बार उत्पादन में करीब आधी गिरावट आने की आशंका है.
इससे पहले खरीफ प्याज की खेती में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई. राज्य के कृषि विभाग के मुताबिक, इस सीजन नासिक जिले में खरीफ प्याज की बुवाई सिर्फ 21,243 हेक्टेयर में हुई है. जबकि जिले में इसका औसत रकबा 32,491 हेक्टेयर है. इस तरह खरीफ प्याज की खेती में करीब 34 फीसदी की कमी आई है. जिले में खरीफ और लेट खरीफ प्याज की सामान्य पैदावार करीब 15 टन प्रति हेक्टेयर है. लेकिन सूखे से प्रभावित करीब 41 हजार हेक्टेयर में इस बार पैदावार घटकर लगभग 6 टन प्रति हेक्टेयर रहने का अनुमान है. यानी प्रभावित खेतों में उत्पादन करीब 60 फीसदी तक कम हो सकता है.
चक्रवात अकवान से ओडिशा में फसलें बर्बाद, किसानों को मिलेगा मुआवजा..कृषि मंत्री का ऐलान—देखें क्या है पूरा सच – एग्रीवेट
अनुमान के मुताबिक, सूखे की चपेट में आए 41 हजार हेक्टेयर क्षेत्र से करीब 2.46 लाख टन प्याज का उत्पादन होगा. वहीं, बाकी बचे करीब 34 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सामान्य पैदावार के हिसाब से 5.1 लाख टन प्याज पैदा होने की उम्मीद है. इस तरह जिले में खरीफ और लेट खरीफ प्याज का कुल उत्पादन करीब 7.6 लाख टन रहने का अनुमान है. यह पिछले साल के 14.92 लाख टन उत्पादन से करीब 49 फीसदी कम है.
कृषि विभाग के अधिकारियों ने रकबे और पैदावार में गिरावट की वजह खेती के दौरान बारिश की खराब स्थिति को बताया है. विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक, जुलाई में पर्याप्त बारिश हुई थी, लेकिन अगस्त और सितंबर में लंबे समय तक बारिश नहीं हुई. इससे खेतों में नमी की कमी हो गई और प्याज की बुवाई भी प्रभावित हुई. इसी वजह से इस साल खेती का रकबा काफी घट गया.
खरीफ प्याज की बुवाई आमतौर पर जुलाई की शुरुआत में शुरू होती है और सितंबर के मध्य तक चलती है. इसकी कटाई अक्टूबर के मध्य से शुरू होकर दिसंबर तक होती है. वहीं, लेट खरीफ प्याज की बुवाई सितंबर के दूसरे पखवाड़े में शुरू होती है और करीब 15 नवंबर तक चलती है. इसकी कटाई जनवरी की शुरुआत से मार्च के मध्य तक की जाती है. इस सीजन सूखे ने बुवाई के साथ-साथ खेतों में खड़ी फसल को भी नुकसान पहुंचाया है. इससे खेती का रकबा और पैदावार दोनों घटने का अनुमान है.इसके मुकाबले गर्मियों में उगाए जाने वाले प्याज की बुवाई नवंबर के दूसरे पखवाड़े से जनवरी के अंत तक होती है. इसकी कटाई मार्च में शुरू होती है. खरीफ और लेट खरीफ प्याज का उत्पादन घटने का असर इसलिए भी अहम है, क्योंकि इन किस्मों को गर्मियों के प्याज के मुकाबले ज्यादा समय तक स्टोर नहीं किया जा सकता.