बिहार के किसानों के लिए फसल बीमा शुरू, इस तारीख तक करें आवेदन.. जानें कितना देना होगा प्रीमियम – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: प्रधानमंत्री Fasal Bima Yojana Bihar: बिहार के किसानों के लिए रबी सीजन में अपनी फसल को सुरक्षित करने का अच्छा मौका है. राज्य सरकार ने रबी 2026-27 के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू कर दी है. इसके तहत किसान अपनी फसलों का बीमा कराकर मौसम की मार और प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान से कुछ हद तक राहत पा सकते हैं. योजना के लिए आवेदन की प्रक्रिया 15 नवंबर से शुरू हो चुकी है. इच्छुक किसान 15 जनवरी 2027 तक आवेदन कर सकते हैं. इस योजना का फायदा सिर्फ अपनी जमीन पर खेती करने वाले किसानों को ही नहीं, बल्कि दूसरों के खेत में बटाई पर खेती करने वाले किसानों को भी मिलेगा.

बिहार के सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने सभी पात्र किसानों से तय समय के भीतर आवेदन करने की अपील की है. उन्होंने बताया कि, फसल बीमा योजना को लागू करने के लिए विभाग की ओर से जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. किसानों को आवेदन करने में परेशानी न हो, इसके लिए बैंक शाखाओं, पैक्स और वसुधा केंद्रों को जरूरी निर्देश दिए गए हैं. इन केंद्रों पर किसान आवेदन से जुड़ी मदद भी ले सकते हैं.

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की खास बात यह है कि, इसमें अपनी जमीन पर खेती करने वाले किसानों के साथ दूसरे की जमीन पर खेती करने वाले किसान भी शामिल हो सकते हैं. यानी रैयत और गैर-रैयत दोनों तरह के किसान फसल का बीमा करा सकते हैं.

किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) से कर्ज लेकर खेती करने वाले किसान और बिना कर्ज लिए खेती करने वाले किसान भी आवेदन कर सकते हैं. वहीं, बटाई पर खेती करने वाले किसानों को भी जरूरी पात्रता और दस्तावेज पूरे करने पर योजना का लाभ मिलेगा.

इस योजना में किसानों को फसल के हिसाब से बीमा प्रीमियम देना होगा. खाद्यान्न, दलहन और तिलहन फसलों के लिए किसानों को बीमा की कुल रकम का अधिकतम 1.5 प्रतिशत देना होगा. वहीं, बागवानी और दूसरी व्यावसायिक फसलों के लिए यह दर अधिकतम 5 प्रतिशत रखी गई है. हालांकि, अगर किसी फसल के लिए बीमा कंपनी की दर सरकार की तय सीमा से कम है, तो किसान को कम प्रीमियम ही देना होगा. इससे किसानों पर बीमा का ज्यादा आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा.

योजना को सही तरीके से लागू करने के लिए बिहार के सभी जिलों को पांच क्लस्टरों में बांटा गया है. फसल बीमा का काम दो कंपनियों आईसीआईसीआई लोम्बार्ड जनरल इंश्योरेंस कंपनी और एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड को सौंपा गया है. दोनों कंपनियों ने राज्य में अपना काम शुरू कर दिया है.

Share This Article