एग्रीवेट: 17 नवंबर 2026, खरगोन: खरगोन: 93 दुग्ध उत्पादक किसानों को दिया स्वच्छ और शुद्ध दूध उत्पादन का प्रशिक्षण – दुग्ध उत्पादन की गुणवत्ता बेहतर बनाने और किसानों को पशुपालन की उन्नत तकनीकों से परिचित कराने के उद्देश्य से खरगोन जिले के मंडलेश्वर में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इंदौर सहकारी दुग्ध संघ मर्यादित की ओर से जिला संघ खरगोन के माध्यम से राष्ट्रीय दुग्ध विकास कार्यक्रम के तहत यह प्रशिक्षण 16 सितंबर को उत्सव गार्डन, धामनोद रोड स्थित सभागृह में हुआ। इसमें क्षेत्र के करीब 93 दुग्ध उत्पादक किसानों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में जिला संघ खरगोन के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ओंकार यादव, नोडल अधिकारी डी.पी. त्यागी, सुपरवाइजर श्री हर्ष पालीवाल, पशु चिकित्सक श्री ललित पाटीदार और बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्थाओं के प्रबंधक श्री सुनील पाटीदार एवं श्री प्रभुजी यादव मौजूद रहे।
गन्ना किसानों के 27.74 करोड़ बकाया भुगतान पर एक्शन, पंजाब सरकार ने चीनी मिल सील की – एग्रीवेट
प्रशिक्षण की शुरुआत करते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ओंकार यादव ने किसानों को सहकारी संस्थाओं के सदस्यों के अधिकारों और जिम्मेदारियों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि किसान संस्था के सक्रिय सदस्य बनें और उसकी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। साथ ही सहकारी संस्थाओं के कामकाज के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
मुख्य वक्ता नोडल अधिकारी श्री डी.पी. त्यागी ने किसानों को स्वच्छ एवं शुद्ध दूध उत्पादन के तरीके समझाए। उन्होंने दूध की मात्रा बढ़ाने, पशुओं की उचित देखभाल करने और उन्नत नस्ल के पशुओं के पालन से जुड़ी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दूध की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए साफ-सफाई और पशुपालन की बेहतर व्यवस्था जरूरी है। वहीं, पशु चिकित्सक श्री ललित पाटीदार ने शासन की प्रमुख ऋण योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने पशुओं को बीमारियों से बचाने, उनकी देखभाल और नस्ल सुधार के उपाय भी बताए। उन्होंने कहा कि पशुधन का स्वस्थ रहना और उसका सही रखरखाव दुग्ध उत्पादन बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम के समापन पर सुपरवाइजर हर्ष पालीवाल ने सभी का आभार जताया। उन्होंने किसानों को पशुओं की बेहतर देखभाल, नस्ल सुधार और उचित रखरखाव पर ध्यान देने की सलाह दी। साथ ही पशुपालन को अतिरिक्त आय का प्रभावी माध्यम बनाने के लिए प्रेरित किया। प्रशिक्षण के दौरान किसानों से उनकी समस्याओं और सुझावों के संबंध में फीडबैक भी लिया गया।