एग्रीवेट: 04 नवंबर 2026, छिंदवाड़ा: छिंदवाड़ा के मक्के को मिलेगी राष्ट्रीय पहचान, किसानों के लिए तैयार होगा नया मार्केट: सीएम मोहन यादव – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि छिंदवाड़ा की धरती जनजातीय भाई बहनों के परिश्रम और उनकी परंपराओं से समृद्ध है। यहां के मेहनती किसानों ने खेती के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। श्रीअन्न और फूलों की खेती में भी छिंदवाड़ा अलग स्थान रखता है। यहाँ के संतरे को जी आई टैग से बड़ी पहचान मिली है।उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा को प्रदेश की कॉर्न सिटी कहा जाता है, यहां का स्वीट कॉर्न देशभर में मशहूर है। राज्य सरकार छिंदवाड़ा के मक्का उत्पादक किसानों को बेहतर सुविधाएं देने और उनकी उपज के लिए राष्ट्रीय स्तर के नया मार्केट तैयार कर कर रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारा प्रयास है कि छिंदवाड़ा जिले के मक्के की गुणवत्ता और स्वाद को भी देश-दुनिया के मार्केट तक पहुंचाया जाए। इसके लिए किसानों को बेहतर भंडारण, प्रोसेसिंग यूनिट और मार्केट लिंकेज की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को छिंदवाड़ा में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को मंत्रालय से वर्चुअली संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने किसान भाइयों से खेती में नवाचार करने, फसल विविधीकरण अपनाने और अपनी उपज को प्रसंस्करण और बेहतर विपणन के माध्यम से बड़े मार्केट तक पहुंचाने के लिए प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी मेहनत का सही मूल्य दिलाने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।मुख्यमंत्री डॉ यादव ने छिंदवाड़ा में मौजूद किसान पूरनलाल इनवाती से प्राकृतिक और समन्वित खेती, प्रवेश रघुवंशी से कृषि यंत्रीकरण के माध्यम से नरवाई प्रबंधन, श्रीमती सुषमा शर्मा से देसी गाय पालन, गुरु प्रसाद पवार से आलू और स्वीट कॉर्न के क्षेत्र में उनके द्वारा संचालित गतिविधियों के संबंध में वर्चुअली संवाद किया। छिंदवाड़ा में आयोजित कार्यक्रम में प्रशासक अपेक्स बैंक महेंद्र सिंह यादव, सांसद छिंदवाड़ा विवेक बंटी साहू सहित जिले के जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान भाई-बहन उपस्थित रहे।