एग्रीवेट: देसी घी ₹30,000 प्रति किलो! पहली नजर में यह आंकड़ा किसी को भी हैरान कर सकता है, लेकिन उत्तर प्रदेश के झांसी की रहने वाली तान्या बंसल ने इसे हकीकत बना दिखाया है. अमेरिका से उच्च शिक्षा हासिल करने वाली और पेशे से सीए (CA) तान्या ने किसी मल्टीनेशनल कंपनी में ऊंची सैलरी वाली नौकरी चुनने के बजाय भारतीय देसी गायों के संरक्षण और पारंपरिक डेयरी को अपना जीवन समर्पित कर दिया.
तान्या की पढ़ाई अमेरिका में हुई थी और उनकी सोच बेहद आधुनिक रही है.वर्ष 2018 में जब उनकी शादी झांसी में हुई, तो उन्होंने देखा कि परिवार की पैतृक गौशाला घाटे से जूझ रही थी और उसकी स्थिति ठीक नहीं थी. तान्या ने बाहर नौकरी करने के बजाय अपने ससुर की इस गौशाला का कायाकल्प करने का फैसला किया. उन्होंने अपनी कॉर्पोरेट और फाइनेंशियल समझ का इस्तेमाल करते हुए गौशाला के मैनेजमेंट को पूरी तरह प्रोफेशनल और आधुनिक रूप दिया. नतीजा यह हुआ कि घाटे में चल रहा फार्म न सिर्फ मुनाफे में आया, बल्कि आज ‘A2 दूध’ और दो तरह के प्रीमियम देसी घी का एक बड़ा ब्रांड बन चुका है.
अनूपपुर: पराली जलाने के बजाय खेत में मिलाएं, मिट्टी की उर्वरा शक्ति बढ़ाएं – एग्रीवेट
बिना किसी सरकारी मदद के तान्या ने अपनी मेहनत से आज 350 से अधिक शुद्ध देसी नस्ल (गिर और साहीवाल) की गायों का विशाल फार्म तैयार कर लिया है.फार्म में ‘जीरो वेस्ट’ मॉडल अपनाया जाता है, जहां गोबर से लेकर गोमूत्र तक हर चीज का वैज्ञानिक और उपयोगी इस्तेमाल होता है. शुरुआत में अमेरिका से लौटीं तान्या को हिंदी बोलने में काफी मुश्किलें आती थीं, लेकिन आज वे न सिर्फ धाराप्रवाह हिंदी बोलती हैं, बल्कि उनका दिन का अधिकतर समय इन गायों के बीच ही गुजरता है. उनका गायों के साथ ऐसा भावनात्मक रिश्ता है कि नाम पुकारते ही गायें दौड़कर उनके पास आ जाती हैं.
गौशाला में मौजूद गायों में ‘आदिशक्ति’ और ‘पवित्रा’ नाम की दो गायें बेहद खास हैं. तान्या इन दोनों गायों को नियमित रूप से 6 दुर्लभ व चुनिंदा आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियां खिलाती हैं.इन जड़ी-बूटियों के असर से गायों का स्वास्थ्य तो बेहतर रहता ही है, साथ ही उनके दूध और उससे पारंपरिक विधि से बनने वाले घी में भी औषधीय गुण आ जाते हैं.