कपास के बाद लाल मिर्च की नीलामी शुरू, भाव ने तेजी पकड़ी.. 3 हजार रुपये प्रति क्विंटल चढ़ा दाम – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: लाल मिर्च के भाव ने तेजी पकड़ ली है. मध्य प्रदेश की मंडियों में बीते माह की तुलना में 3 हजार रुपये प्रति क्विंटल भाव चढ़ गया है. लाल मिर्च की खरीद प्रक्रिया मंडियों में शुरू हो चुकी है, खासकर मध्य प्रदेश में. खरगोन मंडी में कपास, मक्का और अनाज की खरीद के साथ ही अब लाल मिर्च की नीलामी की शुरुआत कर दी गई है. पहले दिन 18 हजार रुपये प्रति क्विंटल पर मिर्च का भाव लगा है. हालांकि, राष्ट्रीय स्तर पर लाल मिर्च का भाव 21 हजार रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया है.

मध्य प्रदेश में 2024-25 में सूखी लाल मिर्च का उत्पादन करीब 3.22 लाख मीट्रिक टन रहा है. केंद्र सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के उद्यानिकी फसलों के अंतिम अनुमानों के अनुसार मध्य प्रदेश देश में सूखी लाल मिर्च का तीसरा सबसे बड़ा उत्पादक राज्य रहा और देश के कुल उत्पादन में इसकी हिस्सेदारी करीब 11.9 फीसदी रही है. वहीं, राज्य में हरी मिर्च का उत्पादन 2024-25 में लगभग 10.6 लाख मीट्रिक टन रहा है, जो इस सीजन तेजी से उत्पादन बढ़ा है.

खरगोन जिले की बलवाड़ी कृषि उपज मंडी में लाल मिर्च की नीलामी शुरू हो गई है. इसके साथ ही अब मंडी में कपास, अनाज और मक्का के अलावा लाल मिर्च की भी खरीदी-बिक्री हो रही है. पूर्व कृषि राज्यमंत्री और खरगोन विधायक बालकृष्ण पाटीदार की पहल पर शुरू हुई इस व्यवस्था के पहले दिन शुभ मुहूर्त में लाल मिर्च 1811 रुपये प्रति किलो के भाव से बिकी. स्थानीय मंडी शुरू होने से खरगोन, भगवानपुरा और भीकनगांव सहित आसपास के क्षेत्रों के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए नजदीक ही बाजार मिलेगा. इससे परिवहन खर्च और समय की बचत होने के साथ बेहतर मूल्य मिलने की उम्मीद है.

मध्य प्रदेश की मंडियों में 24 अक्टूबर 2026 के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार लाल मिर्च का औसत मॉडल भाव 13,375 रुपये प्रति क्विंटल रहा, जबकि मंडीवार भाव 2,500 से 23,000 रुपये प्रति क्विंटल तक दर्ज हुए. धार जिले की धामनोद मंडी में सूखी लाल मिर्च का मॉडल भाव 23,000 रुपये, इंदौर मंडी में 16,000 रुपये और खरगोन जिले की बेड़िया मंडी में 12,000 रुपये प्रति क्विंटल रहा. एक महीने पहले 24 सितंबर 2026 के उपलब्ध आंकड़ों में बेड़िया मंडी में लाल मिर्च का मॉडल भाव 15,200 रुपये प्रति क्विंटल था. इस हिसाब से मंडी स्तर पर लाल मिर्च का रेट 3 हजार रुपये प्रति क्विंटल तक चढ़ा है.

भारत में सूखी लाल मिर्च का औसत मॉडल भाव लगभग 21,862 प्रति क्विंटल यानी करीब 218.6 रुपये प्रति किलो दर्ज किया गया है. उत्तर प्रदेश में लाल मिर्च का औसत मंडी भाव 21,385 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया है. जबकि, अधिकतम भाव 36,057 रुपये क्विंटल तक दर्ज की गई है. आंध्र प्रदेश की हिंदूपुर मंडी में लाल मिर्च का अधिकतम फभाव 29500 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज की गई है. गुजरात के जामनगर मंडी में 25,525 रुपये प्रति क्विंटल लाल मिर्च का भाव रिकॉर्ड किया गया है.

Share This Article