रायपुर: बेमौसम बारिश से धान की फसल को नुकसान पर 72 घंटे में दें सूचना, मिलेगा बीमा का लाभ – एग्रीवेट

Team Agrivate
5 Min Read

एग्रीवेट: 21 नवंबर 2026, रायपुर: रायपुर: बेमौसम बारिश से धान की फसल को नुकसान पर 72 घंटे में दें सूचना, मिलेगा बीमा का लाभ – छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से हो रही बेमौसम बारिश को देखते हुए कृषि विभाग ने किसानों के लिए जरूरी सलाह जारी की है। विभाग ने किसानों से खड़ी और कटाई के बाद खेतों में रखी धान की फसल को सुरक्षित रखने के साथ ही नुकसान होने पर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 72 घंटे के भीतर सूचना देने की अपील की है।

कृषि विभाग के अनुसार, खेतों और खलिहानों में रखी धान की फसल को बारिश से बचाने के लिए तिरपाल या पॉलिथीन से ढंककर रखें। साथ ही फसल को किसी सुरक्षित और ऊंचे स्थान पर रखें, ताकि उसमें पानी जमा न हो।

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसल को नुकसान होने पर किसानों को 72 घंटे के भीतर कृषि रक्षक पोर्टल या टोल फ्री नंबर 14447 पर सूचना देनी होगी। सूचना मिलने के बाद बीमा कंपनी की ओर से 10 दिनों के भीतर सर्वे किया जाएगा। कटाई के बाद खेत में सुखाई जा रही धान की फसल (करपा) को भी निर्धारित शर्तों के तहत कटाई के 14 दिनों तक बीमा सुरक्षा का लाभ मिलेगा।

वहीं, खड़ी फसल में जलभराव से हुए नुकसान का आकलन योजना के प्रावधानों के अनुसार फसल कटाई प्रयोग से प्राप्त उपज के आंकड़ों के आधार पर किया जाएगा। किसानों को नुकसान की सूचना देते समय अपना नाम, मोबाइल नंबर, गांव, तहसील, जिला, खसरा नंबर, बीमित फसल, पॉलिसी नंबर, नुकसान का विवरण और नुकसान होने की तारीख जैसी जानकारी तैयार रखनी होगी। इसके अलावा किसानों को संबंधित पटवारी और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी को भी फसल नुकसान की जानकारी देनी चाहिए। नुकसान के प्रमाण के तौर पर खेत और फसल की फोटो व वीडियो भी सुरक्षित रखें।

Share This Article