सरसों में माहू कीट और गेहूं में पीली गेरूई का खतरा, कृषि विभाग ने जारी की सलाह – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: 21 नवंबर 2026,  लखनऊ (उत्तर प्रदेश): सरसों में माहू कीट और गेहूं में पीली गेरूई का खतरा, कृषि विभाग ने जारी की सलाह – तापमान में लगातार गिरावट के बीच उत्तर प्रदेश में सरसों की फसल पर माहू कीट का प्रकोप बढ़ने लगा है, वहीं गेहूं की फसल में पीली गेरूई रोग और खरपतवार की समस्या भी किसानों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। राज्य के कृषि रक्षा विभाग ने इन तीनों समस्याओं से निपटने के लिए किसानों को जरूरी रासायनिक और गैर-रासायनिक उपाय बताए हैं।

एडवाइजरी के अनुसार ठंड बढ़ने के साथ ही राई और सरसों की फसल में माहू कीट के प्रकोप की आशंका बढ़ जाती है। यह कीट पौधों की कोमल पत्तियों, तनों और फूलों का रस चूसकर पौधे को कमजोर कर देता है, जिससे फलियों के बनने और दाना भरने की प्रक्रिया प्रभावित होती है। कीट का प्रकोप दिखते ही विभाग ने एजाडिरैक्टिन 0.15 प्रतिशत ईसी एक लीटर, या डायमेथोएट 30 प्रतिशत ईसी 0.4 लीटर, या ऑक्सीडीमेटान मिथाइल 25 प्रतिशत ईसी 0.4 लीटर में से किसी एक रसायन को करीब 200 से 250 लीटर पानी में घोलकर प्रति एकड़ की दर से छिड़काव करने की सलाह दी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बारिश या कोहरे के दौरान छिड़काव नहीं करना चाहिए, क्योंकि इससे दवा बह जाती है और असर कम हो जाता है।

गेहूं की फसल में पीली गेरूई रोग के शुरुआती लक्षण पत्तियों पर पीली धारियों के रूप में दिखाई देते हैं। हाथ की उंगलियों से इन धारियों को छूने पर पीले रंग का महीन पाउडर जैसा पदार्थ उंगलियों पर चिपक जाता है, जो इस रोग की पहचान का सबसे आसान तरीका है। लक्षण दिखते ही विभाग ने प्रोपीकोनाजोल 25 प्रतिशत ईसी 200 मिलीलीटर को 250 से 300 लीटर पानी में घोलकर प्रति एकड़ छिड़काव करने को कहा है। रोग का प्रकोप अधिक होने पर 10 से 15 दिन के अंतराल पर दूसरा छिड़काव करने की भी सलाह दी गई है।

इसके अलावा गेहूं की फसल में आमतौर पर पाए जाने वाले गेहूं का मामा (फालारिस माइनर) और जई जैसे खरपतवार भी उपज को प्रभावित करते हैं। विभाग के मुताबिक इन्हें एक या दो बार हाथ से निराई करके भी नियंत्रित किया जा सकता है। जो किसान रासायनिक नियंत्रण करना चाहते हैं, वे बुआई के 25 से 30 दिन बाद सल्फोसल्फ्यूरॉन 75 प्रतिशत डब्ल्यूजी 33 ग्राम, या सल्फोसल्फ्यूरॉन 75 प्रतिशत प्लस मेटसल्फ्यूरॉन मिथाइल 5 प्रतिशत की 40 ग्राम मात्रा को 500 से 600 लीटर पानी में घोलकर प्रति हेक्टेयर की दर से छिड़काव कर सकते हैं।

कृषि रक्षा विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अपने खेतों की नियमित निगरानी करें और किसी भी रोग या कीट के लक्षण दिखते ही तुरंत अनुशंसित मात्रा में ही रसायन का छिड़काव करें, ताकि फसल को समय रहते सुरक्षित किया जा सके। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी रसायन का इस्तेमाल करने से पहले पैकेट पर दी गई सावधानियों और मात्रा का ध्यान जरूर रखा जाए, ताकि फसल के साथ-साथ किसानों की सेहत भी सुरक्षित रहे।

Share This Article