एग्रीवेट: Success Story: कहते हैं कि खेती सिर्फ जमीन पर बीज डालने का नाम नहीं है, इसमें अनुभव, मेहनत और थोड़ी समझदारी भी चाहिए. उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के केसरुआ गांव के रहने वाले ऋषिकेश तिवारी इसकी अच्छी मिसाल हैं. उन्होंने जिंदगी का बड़ा हिस्सा बच्चों को पढ़ाने में बिताया, लेकिन खेती से अपना रिश्ता कभी नहीं तोड़ा. प्राइमरी और जूनियर हाई स्कूल में हेडमास्टर रहने के बावजूद उनका मन खेतों में ही रमता रहा. आज वह अपने पिता से सीखी धान की एक पुरानी तकनीक के सहारे अच्छी पैदावार ले रहे हैं. इस तकनीक का नाम है संडा विधि.
ऋषिकेश तिवारी बताते हैं कि, वह 17-18 साल की उम्र से ही खेती कर रहे हैं. उनके पास करीब 14 बीघा जमीन है, जिसमें से चार बीघा में वह संडा विधि से धान की खेती करते हैं. उनका कहना है कि, इस तरीके से धान की फसल अच्छी होती है और बालियां भी लंबी निकलती हैं. यही वजह है कि, नौकरी के दौरान भी उन्होंने खेती को अपने से दूर नहीं होने दिया. इस तकनीक से उनका रिश्ता आज का नहीं, बल्कि कई पीढ़ियों पुराना है. ऋषिकेश बताते हैं कि उनके पिता आजादी से पहले से ही संडा विधि से धान उगाते आ रहे थे. उन्होंने बचपन से अपने पिता को इस तरीके से खेती करते देखा और धीरे-धीरे खुद भी इसे अपनाना शुरू कर दिया.
पंजाब में अनाज खरीद और भंडारण में गड़बड़ी की जांच तेज, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के निशाने पर बड़ा अधिकारी – एग्रीवेट
ऋषिकेश के खेत ताल वाले इलाके में हैं. यहां कभी सूखे की परेशानी होती थी, तो कभी बाढ़ के कारण फसल को नुकसान पहुंचता था. ऐसे में उनके पिता ने खेती का एक अलग तरीका निकाला. वह खेत में लगी धान की घनी पौध में से आधी पौध उखाड़ लेते थे. इसके बाद खेत में जहां खाली जगह बची होती थी या पानी के साथ धान के पौधे बहकर आ जाते थे, वहां इन पौधों को दोबारा लगा देते थे.
इस तरह एक ही खेत में धान की पौध को दोबारा जमाने से अच्छी फसल तैयार होने लगी. पौधों में लंबी और मोटी बालियां आती थीं और पैदावार भी अच्छी मिलती थी. यही तरीका आगे चलकर संडा विधि के नाम से जाना गया. ऋषिकेश ने भी अपने पिता के इसी अनुभव को अपनाया और इस पर भरोसा बनाए रखा है.
ऋषिकेश तिवारी अकेले ऐसे किसान नहीं हैं, जो इस पुराने तरीके से धान उगा रहे हैं. गाजीपुर जिले में करीब 1,000 हेक्टेयर जमीन पर किसान संडा विधि से धान की खेती कर रहे हैं. किसानों की बढ़ती दिलचस्पी की एक वजह इसकी अच्छी पैदावार और मंडी में मिलने वाला भाव भी है.
ऋषिकेश की कहानी बताती है कि खेती में हमेशा नई मशीन या नई तकनीक ही काम नहीं आती. कई बार पुरखों से मिले अनुभव और पुराने तरीकों में भी अच्छी कमाई का रास्ता छिपा होता है. जरूरत है तो बस उन्हें समझने और सही तरीके से अपनाने की.