एग्रीवेट: पंजाब के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री गुरमीत सिंह खुदियां ने किसानों को भरोसा दिया है कि बेमौसम बारिश से फसल को हुए नुकसान का मुआवजा दिया जाएगा. इसके लिए जल्द ही विशेष गिरदावरी कराई जाएगी. रविवार को उन्होंने लंबी विधानसभा क्षेत्र के मन्न, बिडोवाली, छन्नू, रोरणवाली, फतुही खेड़ा और देओन खेड़ा गांवों में बारिश से प्रभावित खेतों का निरीक्षण किया. मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों की हरसंभव मदद करने और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने किसानों से घबराने की अपील नहीं की और कहा कि इस मुश्किल समय में सरकार उनके साथ खड़ी है. गिरदावरी के बाद पात्र किसानों को फसल नुकसान का मुआवजा दिया जाएगा.
कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुदियां ने अधिकारियों को फसल नुकसान का आकलन पारदर्शी तरीके से करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि मुआवजे की प्रक्रिया में कोई भी प्रभावित किसान छूटना नहीं चाहिए. मंत्री ने भरोसा दिलाया कि जिन किसानों की फसल को 100 फीसदी नुकसान हुआ है, गिरदावरी में उनके पूरे नुकसान को दर्ज किया जाएगा, ताकि उन्हें मुआवजा मिल सके.
वहीं, पंजाब सरकार ने 50 करोड़ रुपये की योजना की एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि है. इसके तहत किसानों को पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (PAU) और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) की ओर से अनुशंसित प्रमाणित गेहूं के बीज सब्सिडी पर दिए जाएंगे. इस योजना का उद्देश्य बीजों की गुणवत्ता सुधारना और किसानों की लागत कम करना है. इसके तहत किसानों को प्रति हेक्टेयर अधिकतम 2,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी.