चरवाहों की मजदूरी के लिए निकाला था मशाल जुलूस, कृषि मंत्री ने याद किए बचपन के संघर्ष भरे दिन – एग्रीवेट

Team Agrivate
11 Min Read

एग्रीवेट: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर में अखिल भारतीय किरार क्षत्रिय महासभा के ‘किरार कुंभ’ में शामिल हुए. इस अवसर पर उन्होंने अपने बचपन के दिनों में पशुओं को चराने वालों की मजदूरी बढ़ाने को लेकर निकाले गए मशाल जुलूस का किस्सा सुनाया. उन्होंने कहा कि मेरे जैत गांव में उस समय मजदूरों को बहुत कम मजदूरी दी जाती थी. उनके प्रोत्साहन पर चरवाहों ने जुलूस निकाला. कृषि मंत्री ने कहा कि उस उम्र में भी मन में अन्याय के खिलाफ लड़ने और लोगों के लिए काम करने की तड़प थी. उसी संघर्ष और सेवा की भावना के कारण आज शिवराज सिंह चौहान आपके सामने खड़ा है.

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मुझे यह कहते हुए गर्व होता है कि किरार समाज मेरे बचपन का झूला, जवानी की फुलवारी और बुढ़ापे की काशी है. जिस समाज में हमने जन्म लिया, जिसके संस्कारों में पले-बढ़े और जिसके कारण माता-पिता का आशीर्वाद और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली, उस समाज के प्रति हमारा विशेष दायित्व है. उन्होंने कहा कि जीवन में कुछ ऐसे मंत्र हैं, जिन्हें मैं आप सभी के साथ साझा करना चाहता हूं.

मैं जैत जैसे छोटे से गांव में किसान परिवार में पैदा हुआ. बचपन से ही मन में कुछ करने की तड़प थी. दादाजी के स्वर्गवास के बाद घर में मिली श्रीमद्भगवद्गीता की प्रति को मैंने तीसरी-चौथी कक्षा में पढ़ने का प्रयास किया. पहली बार पढ़ा तो समझ नहीं आया, फिर दोबारा, तीसरी और चौथी बार पढ़ता रहा. गीता ने मुझे जीवन का सबसे बड़ा संदेश दिया कि जीवन केवल अपने लिए जीने में नहीं है. अपने लिए जिए तो क्या जिए, तू जी ए दिल जमाने के लिए. जो दूसरों के लिए, समाज के लिए, देश के लिए और जनता के लिए जीता है, उसका जीवन ही वास्तव में सार्थक होता है. उन्होंने कहा कि गीता से मुझे यह सीख मिली कि जो काम हमारे हिस्से में आया है, उसे पूरी मेहनत और ईमानदारी से करना चाहिए.

शिवराज सिंह चौहान ने अपने बचपन का एक प्रसंग साझा करते हुए कहा कि जैत गांव में उस समय मजदूरों को बहुत कम मजदूरी दी जाती थी. हरवाए और चरवाहे सुबह से लेकर रात तक काम करते थे और बदले में उन्हें केवल ढाई पाई मजदूरी मिलती थी. एक दिन गांव का एक छोटा चरवाहा देर से आया तो उसे डांट और मार का सामना करना पड़ा. यह देखकर मेरे मन में बहुत पीड़ा हुई. मुझे लगा कि सुबह से रात तक काम कराने के बाद इतनी कम मजदूरी देना अन्याय है.

मैंने गांव के मजदूरों को मंदिर में बैठक के लिए बुलाया और उनसे कहा कि अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाओ. अगले दिन गांव में गैस बत्ती लेकर जुलूस निकाला और नारे लगाए कि ढाई पाई नहीं तो काम नहीं, जुलूस जैसे ही घर के पास पहुंचा, कक्का जी डंडा लेकर बाहर आ गए. बाकी मजदूर तो भाग गए, लेकिन मैं फंस गया. उस दिन खूब पिटाई हुई और मुझे भोपाल भेज दिया गया. उन्होंने कहा कि उस उम्र में भी मन में अन्याय के खिलाफ लड़ने और लोगों के लिए काम करने की तड़प थी. उसी संघर्ष और सेवा की भावना के कारण आज शिवराज सिंह चौहान आपके सामने खड़ा है.

केंद्रीय मंत्री ने किरार समाज की इंदौर इकाई को प्रतिभाओं के सम्मान के लिए आयोजित कार्यक्रम की बधाई देते हुए कहा कि समाज की प्रतिभाओं को पहचानना, उनका सम्मान करना और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर देना अत्यंत आवश्यक है. हर जिले में प्रतिभा सम्मान के कार्यक्रम आयोजित होने चाहिए. उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष साधना सिंह जी ने भी पूरे देश की प्रतिभाओं के सम्मान के लिए एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही है. उन्होंने कहा कि पूज्य माताजी के स्वर्गवास के बाद पारिवारिक परंपरा के अनुसार सवा महीने तक घर से बाहर नहीं निकला जाता है, लेकिन केंद्र सरकार में मंत्री होने के कारण मुझे अपने दायित्वों का निर्वहन करना पड़ रहा है. साधना जी ने कहा है कि सवा महीने के बाद वे फिर से कार्यक्रमों में जाना प्रारंभ करेंगी. दिसंबर में भोपाल में समाज की प्रतिभाओं के सम्मान का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा.

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि साधना सिंह जी ने भोपाल में ‘संभावना’ के नाम से कोचिंग क्लास प्रारंभ की थी, जिसमें समाज के बच्चों के साथ अन्य वर्गों के बच्चे भी पढ़ते थे. मुझे यह बताते हुए खुशी है कि उस कोचिंग के माध्यम से लगभग 100 बच्चों का शासकीय सेवाओं में चयन हुआ. उन्होंने कहा कि वर्तमान में विदिशा में ‘मामा कोचिंग क्लास’ संचालित की जा रही है. रायसेन और भैरूंदा में भी मामा कोचिंग क्लास प्रारंभ की जा रही हैं. समाज को भी ऐसे बच्चों के लिए निःशुल्क कोचिंग की व्यवस्था करने पर विचार करना चाहिए, जो शासकीय सेवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि समाज के स्तर पर ऐसी व्यवस्था बनाई जाए, जहां प्रतिभाशाली युवाओं को गुणवत्तापूर्ण कोचिंग निःशुल्क उपलब्ध कराई जा सके.

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने युवाओं के रोजगार और स्वरोजगार को लेकर कहा कि सरकारी नौकरियों में अवसर सीमित हैं, इसलिए हमें अपने बच्चों को व्यवसाय, उद्योग और स्वरोजगार के लिए भी प्रोत्साहित करना चाहिए. यदि कोई युवा छोटा व्यवसाय करना चाहता है, कोई उद्योग लगाना चाहता है या अपना काम शुरू करना चाहता है तो उसे प्रोत्साहन और सहयोग मिलना चाहिए. प्रधानमंत्री मुद्रा योजना सहित केंद्र और राज्य सरकार की अनेक योजनाएं हैं, जिनके माध्यम से युवाओं को आर्थिक सहायता और बैंक ऋण उपलब्ध कराया जा सकता है. उन्होंने समाज के पदाधिकारियों से कहा कि ऐसे युवाओं की सूची तैयार करें, जो अपना व्यवसाय या उद्योग प्रारंभ करना चाहते हैं. उन्हें बैंक फाइनेंस, प्रशिक्षण और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में भी सहयोग करें.

केंद्रीय मंत्री ने समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज नशे की आदत लगातार बढ़ती जा रही है. नशा केवल व्यक्ति के शरीर और स्वास्थ्य को ही नष्ट नहीं करता, बल्कि उसकी आर्थिक स्थिति, परिवार और सामाजिक जीवन को भी बर्बाद कर देता है. नशे की आदत लगने के बाद व्यक्ति को सही-गलत का होश नहीं रहता. परिवार में कलह बढ़ती है, बच्चों पर बुरा प्रभाव पड़ता है. उन्होंने कहा कि नशा नाश की जड़ है.  मैंने पंजाब में जाकर देखा है कि नशे की वजह से कई परिवार तबाह हो चुके हैं. उन्होंने समाज के सभी लोगों से दोनों हाथ उठाकर नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया.

Share This Article