खरगोन कलेक्टर ने कृषक के खेत पर देखीं कम लागत वाली खेती की तकनीकें—जानें पूरा मामला – एग्रीवेट

Team Agrivate
4 Min Read

एग्रीवेट: 14 अक्टूबर 2026, (दिलीप दसौंधी, कृषक जगत, मंडलेश्वर): खरगोन कलेक्टर ने कृषक के खेत पर देखीं कम लागत वाली खेती की तकनीकें – कलेक्टर श्री प्रसाद ने छोटी कसरावद के कृषक श्री महेंद्र सिंह मंडलोई के खेत का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कृषक द्वारा अपनाई जा रही कम लागत वाली खेती की विभिन्न तकनीकों का अवलोकन किया तथा जैविक कृषि पद्धतियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

कृषक द्वारा खेती में एडवांस जीवामृत, जैव कीटनाशक, डीकंपोजर, बायोडायनामिक खेती, वर्मीकम्पोस्ट, कम्पोस्ट एवं बायोचार जैसी पद्धतियों का उपयोग किया जा रहा है। इन तकनीकों में गोबर, गोमूत्र, छाछ, गुड़, बेसन, एलोवेरा, सरसों की खली तथा विभिन्न प्रकार की वनस्पतियों एवं पत्तियों का उपयोग कर कृषि कार्यों में लागत कम करने का प्रयास किया जा रहा है।

जैव कीटनाशक तैयार करने के लिए नीम, आक, कनेर, बेल, अरंडी, नीलगिरी, अनार, आम, गेंदा एवं धतूरा की पत्तियों के साथ प्याज के छिलके, लहसुन, हरी मिर्च, नीम तेल और हल्दी जैसी सामग्री का उपयोग किया जाता है। वहीं, डी कंपोजर तैयार करने में गुड़ एवं पानी का उपयोग किया जाता है। बायोपचार तैयार करने के लिए कपास की काठी, मक्का के कट्टे तथा खेती से निकलने वाले अपशिष्ट पदार्थों का उपयोग किया जा रहा है।

कलेक्टर श्री प्रसाद ने कृषक की पहल की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अन्य किसानों को भी जैविक एवं कम लागत वाली खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग और स्थानीय स्तर पर उपलब्ध सामग्री से तैयार जैविक उत्पादों के माध्यम से खेती की लागत कम करने के प्रयासों को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। इस दौरान एसडीएम श्री अनिल जैन, तहसीलदार श्री मुकेश मचार, उप संचालक कृषि श्री शिव सिंह राजपूत सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article